बड़ी खबर

मंत्रिमंडल विस्तार में चुनावी राज्यों और जातिगत समीकरणों का रखा गया ख्याल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए कैबिनेट में अनुभव और नए चेहरों में संतुलन बनाने के साथ ही अगले वर्ष होने वाले चुनावी राज्यों को भी पूरी तरजीह दी है। मंत्रीपद की शपथ लेने वालों में सबसे ज्यादा सांसद उत्तर प्रदेश से हैं। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मोदी मंत्रिमंडल में उत्तर प्रदेश से सात नए चेहरों को जगह दी गई है। जबकि, शहरी विकास एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी को पदोन्नति देकर कैबिनेट में शामिल किया गया है। पुरी राज्यसभा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं।

राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से शामिल नए राज्यमंत्रियों के चयन में जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों का पूरा ख्याल रखा गया है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ब्राह्मण चेहरे के रूप में खीरी लोकसभा सीट से सांसद अजय कुमार मिश्र उर्फ टेनी को राज्यमंत्री बनाया गया है। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश की महाराजगंज सीट से सांसद पंकज चौधरी का नाम पूर्वांचल के कुर्मी जाति के कद्दावर नेताओं में शुमार है। चौधरी को भी राज्यमंत्री बनाया गया है। वहीं, आगरा से सांसद डॉ एसपी सिंह बघेल के जरिए अनुसूचित जाति के मतदाताओं पर डोरे डालने की कवायद की गई है। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके की जालौन सीट से पांचवी बार सांसद भानु प्रताप सिंह वर्मा को भी मोदी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। भानु प्रताप वर्मा कोरी समाज से ताल्लुक रखते हैं और इनकी अपने समाज में अच्छी खासी पकड़ जानी जाती है।

उधर, मोहनलालगंज (सु.) लोकसभा सीट से सांसद कौशल किशोर भी अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखते हैं। जबकि, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा को भी राज्यमंत्री बनाया गया है। वर्मा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ब्रज क्षेत्र से आते हैं और वह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के करीबी हैं। उनके जरिए शाक्य बिरादरी की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। उनके जरिए कुर्मी मतों को साधने के साथ ही सहयोगियों को साथ लेकर चलने की भावना को दर्शाने का प्रयास किया गया है।

उधर, उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नैनीताल-उधम सिंह नगर से लोकसभा सांसद अजय भट्ट को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश के साथ ही चुनाव होने हैं।

गुजरात में वर्ष 2022 के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राज्यसभा सांसद व राज्यमंत्री परषोत्तम रूपाला को पदोन्नति देकर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। भावनगर लोकसभा सीट से सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री मनसुख मांडविया को भी पदोन्नति मिली है जबकि सूरत से लोकसभा सांसद दर्शना विक्रम जारदोश और खेड़ा संसदीय क्षेत्र से सांसद देवु सिंह चौहान को राज्यमंत्री बनाया गया है।

पूर्वोत्तर से मणिपुर से सांसद डॉ राजीव रंजन सिंह को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। मणिपुर में भी अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
हालांकि, पंजाब और गोवा से किसी को मंत्री नहीं बनाया गया है। इन राज्यों में भी वर्ष 2022 की शुरुआत में चुनाव होने हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

नवनियुक्त राज्यपाल मंगूभाई पटेल पहुंचे भोपाल, आज ग्रहण करेंगे पदभार

Thu Jul 8 , 2021
भोपाल। मध्यप्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल बुधवार देर शाम विमान द्वारा राजधानी भोपाल पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका विमानतल पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी आदि उपस्थित थे। नवनियुक्त राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल […]