देश

सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ रहीं गंगा मईया, बदला गंगा आरती का स्थान

वाराणसी। काशी पुराधिपति बाबा विश्वनाथ की नगरी में गंगा सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ रही है। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को गंगा में धीमी गति से बढ़ाव का क्रम जारी रहा। गंगा में बढ़ाव को देख तटवर्ती क्षेत्र के लोग सतर्क हो गये है। उनकी निगाहें जलस्तर पर टिक गई है।

पांडेयघाट के किशन माझी और रमेश ने बताया कि भादों माह बाढ़ का ही होता है। इस वर्ष फिलहाल ये स्थिति नहीं आई है। लेकिन बाढ़ आने की संभावना बनी हुई है। पिछले वर्षो का दर्द रह-रह कर सामने आ जा रहा है। राहत वाली बात यह है कि गंगा का जलस्तर अभी चेतावनी बिंदू (70.26) मीटर से काफी नीचे है।

बताते चलें जलस्तर में बीते 48 घंटों में दो फूट से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। गंगा के जलस्तर में बढ़ाव देख प्राचीन दशाश्वमेध घाट स्थित गंगोत्री सेवा समिति को गंगा आरती के लिए स्थान बदलना पड़ा।

घाट किनारे रहने वालों के अनुसार अब घाटों का संपर्क टूट गया है। माना जा रहा है कि गंगा के जलस्तर में बढ़ाव का कारण उत्तराखंड के पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश और सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ना है। इसके कारण गंगा एवं वरुणा किनारे अवैध रूप से झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों की धुकधुकी भी बढ़ने लगी है। कारण कि पिछले साल बाढ़ ने खूब तबाही मचाई थी। हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरे ठिकाने में जाना पड़ा था। उधर, अस्‍सी और सामने घाट की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों का जलस्तर में बढ़ाव देख नींद उड़ गई है।

Share:

Next Post

ध्वजारोहण के बाद कांग्रेसियों ने भाजपा नेता संबित पात्रा का पुतला फूंका

Sat Aug 15 , 2020
हापुड़ | ध्वजारोहण के बाद कांग्रेसियों ने भाजपा नेता संबित पात्रा का पुतला फूंका और भाजपाइयों ने उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया। भाजपा ने अतरपुरा चैराहा स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के सामने ध्वजारोहण […]