अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के उदयगढ़ थाना क्षेत्र (Udaygarh police station area) में 15 दिनों से लापता एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम ताती-अंबा के पुजारा फलिया निवासी 50 वर्षीय रामा वाकला (Rama bent down.) की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी नाहजुबाई (47) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, चरित्र पर संदेह के चलते नाहजुबाई ने अपने पति पर लकड़ी के भारी डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामा वाकला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपी महिला ने शव को घर के पीछे बने एक कमरे में ले जाकर जला दिया।
पुलिस के मुताबिक, कमरे से धुआं बाहर न निकले, इसके लिए महिला ने जलते हुए शव को एक बड़े ड्रम से ढक दिया था। हालांकि शव पूरी तरह नहीं जल सका। इसके बाद महिला ने अधजले अंगों को घर में रखे रेत के ढेर में दबा दिया। इतना ही नहीं, पहचान से जुड़े दस्तावेज और पति की तस्वीरें भी आग में जला दीं, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
घटना के समय रामा वाकला का बड़ा बेटा मजदूरी के सिलसिले में गुजरात गया हुआ था। करीब 17 दिन बाद जब वह घर लौटा और उसने पिता के बारे में पूछा तो मां ने उसे टालने की कोशिश की। बेटे को संदेह हुआ और उसने जब मां से कड़ाई से पूछताछ की तो महिला ने कथित तौर पर पति की हत्या की बात स्वीकार कर ली।
मामले की जानकारी मिलने के बाद उदयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के पीछे बने कमरे और रेत के ढेर की जांच की, जहां से मृतक के शव के अधजले अवशेष बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी नाहजुबाई को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved