इंदौर न्यूज़ (Indore News) मध्‍यप्रदेश

प्रदेश अध्यक्ष के सर्वे में सज्जन को पछाड़ जीतू को बताया अव्वल

अजब-गजब… कांग्रेस के लिए भाजपा करवा रही है ऑनलाइन सर्वे… कमलनाथ को कमजोर बताने के प्रयास भी
इंदौर, राजेश ज्वेल।  मध्यप्रदेश अजब है, गजब है… जिसमें नई तरह की राजनीति नजर आ रही है। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की घेराबंदी कर उन्हें कमजोर साबित करने के चलते बीजेपी मध्यप्रदेश ने अपने ट्विटर हैंडल पर किसे प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहिए इस नाम से सर्वे शुरू किया, जिसमें जीतू पटवारी को सबसे आगे बताया गया, जिन्हें 60 फीसदी लोगों ने पसंद किया, तो सज्जन वर्मा को मात्र 13 फीसदी और दिग्गी पुत्र जयवर्धन को 27 फीसदी वोट कल शाम तक मिले। राऊ के विधायक जीतू पटवारी पिछले कई दिनों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल हैं और उन्हें राहुल गांधी का वरदहस्त भी प्राप्त है।


भाजपा के इस ऑनलाइन सर्वे के मजे भी लिए जा रहे हैं। कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी ट्वीट किए। क्या दिन आ गए कि अब भाजपा को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की चिंता सता रही है। एक नेता ने लिखा कि यह हमारा काम नहीं। अपने संगठन पर ध्यान देने की जरूरत है। बहरहाल, भाजपा मध्यप्रदेश के ट्विटर हैंडल पर यह सर्वे 5 जुलाई की शाम से शुरू किया गया और 24 घंटे में ही 1235 से अधिक लोगों ने अपना मत बताया, जिसमें जीतू पटवारी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सबसे अधिक पसंद किए गए। हालांकि कांग्रेसियों का ही कहना है कि यह प्रायोजित सर्वे है और इससे कांग्रेस की गुटबाजी भी उजागर होती है और दिग्विजय सिंह अपने बेटे को आगे बढ़ाना चाहते हैं। हालांकि एक कांग्रेस नेता ने इस सर्वे पर यह भी कमेंट किया कि भाजपा बताए कि वह शिवराज को हटाकर अगला मुख्यमंत्री किसे बनाना चाहती है। वहीं कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिखा कि हमें अपने संगठन में क्या चल रहा है उस पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

कांग्रेस पार्टी तो वैसे ही खत्म होने के कगार पर है, उस पर बात करना अपना काम नहीं है। एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि विपक्ष हो तो ऐसा, जिसे प्रतिद्वंद्वी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की चिंता सता रही है। प्रदेश की सियासत में इस तरह का यह ऑनलाइन सर्वे सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना है। यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कह चुके हैं कि वे अध्यक्ष पद छोड़ सकते हैं। हालांकि प्रदेश में उनकी सरकार गिर गई, लिहाजा अब उनके पास प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद भी है। वहीं यह भी अटकलें लगती रहीं कि उन्हें कांग्रेस आलाकमान दिल्ली बुलाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना चाहता है। राहुल से कमलनाथ की पटरी कम बैठती है और जीतू पटवारी को राहुल का ही वरदहस्त हासिल है।

Share:

Next Post

भगवान विष्‍णु की पाना चाहतें हैं कृपा तो गुरूवार के दिन इन मंत्रों का जाप होगा बेहद कल्‍याणकारी

Thu Jul 8 , 2021
आज का दिन गुरूवार (Thursday) है और हिंदू धर्म में इस दिन के दिन भगवान विष्णु (Lord Vishnu) की पूजा के लिए बेहद खास माना जाता है। कहते हैं सच्चे मन से उनकी पूजा करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं भगवान विष्णु जरूर पूरा करते हैं। हिंदू धर्म शास्त्र के अनुसार गुरुवार को भगवान विष्णु […]