विदेश

UN में झूटा डोजियर पेश करने पर भारत ने पाक को लगाई लताड


नई दिल्ली। भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान पर करारा हमला किया है। पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में झूठा डोजियर पेश किया, जिसकी भारत ने कड़ी आलोचना की है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को लताड़ लगाते हुए कहा कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र के जरिए घोषित आतंकवादियों का सबसे बड़ा पनाहगार है और उसे एबटाबाद याद रखना चाहिए जहां अल-कायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन कई सालों तक छिपा रहा और आखिर में मारा गया।

दरअसल, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस को पाकिस्तान के राजनयिक के जरिए एक डोजियर सौंपा गया था, जिसके जवाब में भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत टी एस तिरुमूर्ति ने ट्वीट किया कि पाकिस्तान की ओर से दिया गया डोजियर झूठ का पुलिंदा है और उसकी कोई विश्वसनीयता नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘फर्जी दस्तावेज देना और झूठी कहानी गढ़ना पाकिस्तान के लिए नई बात नहीं है। वह संयुक्त राष्ट्र के जरिए घोषित आतंकवादियों का सबसे बड़ा पनाहगार है। उसे एबटाबाद याद रखना चाहिए।’ दरअसल, संयुक्त राष्ट्र में इस्लामाबाद के राजनयिक मुनीर अकरम ने गुतारेस से भेंट कर उन्हें पाकिस्तान सरकार की ओर से एक डोजियर सौंपा था और आरोप लगाया था कि भारत उनके देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।

वहीं तिरुमूर्ति ने अपने ट्वीट में पाकिस्तान के शहर एबटाबाद की याद दिलाई, जहां बिन लादेन कई सालों तक छिपा रहा और मई 2011 में अमेरिकी नौसेना के सील कमांडों के दस्ते ने उसे मार गिराया था। विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला ने सोमवार को अमेरिका, रूस, फ्रांस और जापान जैसे बड़े देशों के दूतों को पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन के जरिए जम्मू कश्मीर के नगरोटा में हमले की साजिश से अवगत कराया था, जिसमें भारतीय सुरक्षाबलों ने 19 नवंबर को आतंकवादियों की इस साजिश को नाकाम करते हुए मुठभेड़ में चार आतंकवादियों को मार गिराया था।

Share:

Next Post

अक्षय ऊर्जा उत्पादन में क्रांतिकारी बदलाव की इबारत

Wed Nov 25 , 2020
– डॉ. अजय खेमरिया मोदी सरकार के छह वर्षीय कार्यकाल ने भारत में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारत इस क्षेत्र का सबसे बड़ा और पसंदीदा देश बनकर निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र अहम आधार […]