इंदौर न्यूज़ (Indore News)

इंदौर ने आसमान में रचा इतिहास, एक साल में बढ़े 10 लाख हवाई यात्री

 

–  वित्तीय वर्ष 2023-24 में इंदौर से 37 लाख से ज्यादा यात्रियों ने किया हवाई सफर

–  वित्तीय वर्ष 2022-23 की अपेक्षा 2023-24 में 27 प्रतिशत उड़ानें और 35 प्रतिशत यात्री बढ़े

– 30 हजार से ज्यादा उड़ानें संचालित हुई

इंदौर, विकाससिंह राठौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल (Indore’s Devi Ahilyabai Holkar International Airport) के लिए हाल ही में खत्म हुआ वित्तीय वर्ष 2023-24 सबसे खास रहा। 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक चले इस वित्तीय वर्ष के दौरान इंदौर से 30 हजार से ज्यादा उड़ानों का संचालन हुआ, जिनसे 37 लाख से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस दौरान करीब 10 लाख यात्रियों का इजाफा हुआ है, जो इंदौर के हवाई इतिहास में सर्वाधिक है।


इंदौर की इस उपलब्धि का खुलासा एयरपोर्ट अथोरिटी द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक इंदौर एयरपोर्ट से बीते वित्तीय वर्ष यानी 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 के बीच कुल 30 हजार 399 उड़ानों का संचालन हुआ, जिनसे कुल 37 लाख 20 हजार 828 यात्रियों ने सफर किया, जबकि इससे पिछले वित्तिय वर्ष 2022-23 की बात करें तो 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 के बीच इंदौर से 23 हजार 918 उड़ानों का संचालन हुआ था, जिनसे 27 लाख 48 हजार 238 यात्रियों ने सफर किया था। इस तरह वर्ष 2022-23 की अपेक्षा 2023-24 में इंदौर से 6 हजार 481 उड़ानें और 9 लाख 72 हजार 590 यात्री बढ़े हैं। प्रतिशत में बात करें तो 27 प्रतिशत उड़ानें और 35 प्रतिशत यात्री बढ़े हैं।

मार्च में बढ़े 21 हजार से ज्यादा यात्री

एयरपोर्ट अथोरिटी द्वारा जारी मार्च 2024 की रिपोर्ट में सामने आया है कि इस माह इंदौर से कुल 2,642 उड़ानों का संचालन हुआ और इनसे 3,34,785 यात्रियों ने सफर किया, जबकि फरवरी में इंदौर से 2,568 उड़ानों से कुल 3,13,541 यात्रियों ने सफर किया था। इस तरह मार्च में फरवरी की तुलना में 74 उड़ानें और 21,244 यात्री बढ़ें है। प्रतिशत में देखें तो यात्री संख्या में 6.7 और उड़ानों की संख्या में 2.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इंदौर से मार्च माह में हर दिन औसत 85 उड़ानों का संचालन हुआ है, वहीं रोजाना औसत 10,799 यात्रियों ने सफर किया है।

प्रदेश में नंबर 1, चार एयरपोर्ट मिलकर भी इंदौर के बराबर नहीं

इंदौर से लगातार बढ़ रही उड़ानों और यात्रियों के साथ ही इंदौर एयरपोर्ट एक बार फिर प्रदेश में पहले स्थान पर है। इंदौर एयरपोर्ट प्रदेश का एकमात्र ऐसा एयरपोर्ट है जो 24 घंटे खुला रहता है और जहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती हैं, वहीं सबसे ज्यादा घरेलू उड़ानें भी इंदौर से ही चलती हैं। अभी इंदौर का देश-दुनिया के 24 शहरों से सीधा संपर्क है। इसके कारण ही प्रदेश के अन्य चार एयरपोर्ट भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और खजुराहो मिलकर भी उड़ानों और यात्री संख्या में इंदौर के बराबर नहीं पहुंचते हैं।

प्रतिबंध हटे, अब ज्यादा घूम रहे भारतीय

ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि 2020 में आई कोरोना महामारी के बाद हवाई यात्रियों के लिए कई तरह के प्रतिबंध लागू कर दिए गए थे। कोरोना की तीन से चार लहर भी आई, जिसके कारण लंबे समय तक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध रहे, लेकिन पिछले एक साल से सभी प्रतिबंध हट चुके हैं। लंबे समय तक प्रतिबंधों के कारण जो पर्यटन घूमने नहीं निकल पा रहे थे और जो व्यापारी भी कामकाज के लिए नहीं जा पा रहे थे वे अब खुलकर हवाई सफर कर रहे हैं, जिससे हवाई यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। यह बढ़त आगे भी लगातार जारी रहेगी और उम्मीद है कि इस वित्तीय वर्ष में इंदौर 45 लाख के आंकड़े को पार करेगा।

एक नजर पिछले दो वित्तीय वर्षों में उड़ानों और यात्रियों पर

माह    यात्री   उड़ान   माह      यात्री उड़ानें

अप्रैल 23               2,89,399              2,375     अप्रैल 22               1,98,910              2,037

मई 23   3,25,326              2,542     मई 22   2,28,768              2,115

जून 23  3,05,511              2,400     जून 22  2,20,499              1,985

जुलाई 23              2,93,431              2,482     जुलाई 22              2,15,528              1,958

अगस्त 23            3,04,244              2,530     अगस्त 22            2,18,015              1,906

सितंबर 23            3,12,157              2,560     सितंबर 22            2,04,045              1,835

अक्टूबर 23          2,98,248              2,629     अक्टूबर 22          2,28,273              1,924

नवंबर 23             2,93,797              2,534     नवंबर 22             2,38,734              1,948

दिसंबर 23            3,35,710              2,617     दिसंबर 22            2,13,883              2,028

जनवरी 24            3,20,079              2,520     जनवरी 23            2,48,231              2,095

फरवरी 24             3,13,541              2,568     फरवरी 23             2,59,988              1,928

मार्च 24 3,34,785              2,642     मार्च 23 2,73,364              2,159

कुल    37,20,828            30,399   कुल    27,48,238            23,918

(जानकारी एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक)

Share:

Next Post

एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर भी रहेंगे चुनावी ड्यूटी में शामिल

Tue Apr 2 , 2024
आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना-बीमारी में कर्मचारियों के साथ सुरक्षा बलों को मिल सकेगी मदद, बॉर्डर मीटिंग भी करवाने के निर्देश मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए इंदौर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन (Chief Electoral Officer Anupam Rajan) ने सभी विभागों को समय सीमा में चुनावी व्यवस्थाएं पूरी कर लेने के निर्देश तो दिए ही, साथ ही नोडल […]