
इंदौर। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित मारुति कार शोरूम पटेल मोटर्स में हुई करोड़ों रुपये की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने शोरूम में सफाई का काम करने वाले 19 वर्षीय कर्मचारी लक्की बोरासी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है।
दरअसल 17 जून को पटेल मोटर्स के ऑपरेशन मैनेजर सुरेंद्र चौधरी ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि शोरूम के केबिन से एप्पल आईफोन, सोने के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच करते हुए शोरूम में कार्यरत कर्मचारी लक्की बोरासी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसने बताया कि शोरूम में काम करने के दौरान उसने मौका पाकर एप्पल आईफोन चोरी किया और मालिक के केबिन में रखे लॉकर से माता मंदिर का सोने का छत्र और हीरे जड़ा मुकुट भी चुरा लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एप्पल आईफोन, करीब डेढ़ किलो वजनी सोने का छत्र और हीरे जड़ा मुकुट, 12 चांदी के सिक्के तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत लगभग ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved