भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

राजधानी में दो दिन बाद हो सकती है बारिश

भोपाल। पाकिस्तान के पास बने ट्रफ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ही बरसात भी हो रही है। उधर राजस्थान पर एक चक्रवात और विदर्भ के पास प्रति चक्रवात बनने के कारण हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। इससे मध्यप्रदेश में दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 12-13 दिसंबर को राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बरसात की संभावना बन रही है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया गया। जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। साथ ही सोमवार के अधिकतम तापमान (30.2 डिग्री) के मुकाबले 1.1 डिग्री भी अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज हुआ। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इस सिस्टम को अरब सागर से काफी नमी मिल रही है। इससे उत्तर भारत के पहाड़ों पर बरसात जारी है। वहां बर्फबारी भी होगी।

दो सिस्टम सक्रिय
शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिम राजस्थान पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त विदर्भ पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन दो सिस्टम के कारण हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। इससे दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। वहीं दिन में गर्मी तो रात में ठंड का अहसास होने लगा है।

छाएंगे बादल
11 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बनने के संकेत मिल रहे हैं। इससे मप्र में 11 दिसंबर से बादल छाने लगेंगे। 12-13 दिसंबर को राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश होने के भी आसार हैं। बादल छाने से तापमान में कमी आ सकती है। दो सिस्टम बनने के कारण बार-बार हवा का रूख बदल रहा है।

Share:

Next Post

मानवाधिकारों की विश्वव्यापी घोषणा के 72 वर्ष

Wed Dec 9 , 2020
विश्व मानवाधिकार दिवस (10 दिसम्बर) पर विशेष – योगेश कुमार गोयल मनुष्य के जीवनयापन और विकसित होने के मूलभूत (सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक) अधिकारों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ‘मानवाधिकार’ के रूप में स्वीकार किया गया है। मानवाधिकारों की विस्तृत व्याख्या के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ ने सर्वप्रथम 27 जनवरी 1947 को आयोग गठित किया […]