इंदौर न्यूज़ (Indore News)

कल की रात रही मौसम की सबसे सर्द रात, पहली बार पारा पहुंचा 9 डिग्री पर

इन्दौर। शहर में कंपकंपा देने वाली ठंड का दौर फिर शुरू हो गया है। कल रात पहली बार पारा गिरकर 9 डिग्री पर पहुंचा। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान था। इसके साथ ही कल की रात मौसम की सबसे सर्द रात बन गई। मौसम विभाग ने आज भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकत तापमान 23 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री और परसो की अपेक्षा 0.7 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसो रात की अपेक्षा 3.4 डिग्री कम था। इस दौरान हवाएं उत्तरी और उत्तर-पूर्वी रहीं, जिनकी अधिकतम गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।

पहले कभी 11 डिग्री से भी कम नहीं हुआ पारा
मौसम विभाग के अनुसार कल रात से पहले इस ठंड के मौसम में एक बार भी तापमान 11 डिग्री के नीचे भी नहीं आया है। सीजन में तीन बार सबसे कम तापमान 11.6 डिग्री 20 दिसंबर, 15 जनवरी और 19 जनवरी की रात को रिकार्ड किया गया था।

पिछले 10 सालों में अब भी सबसे गर्म जनवरी
कल रात दर्ज 9 डिग्री तापमान भले ही इस सीजन का सबसे कम तापमान हो, लेकिन पिछले सालों से तुलना करें तो यह जनवरी का पिछले सालों में दर्ज सबसे कम तापमान में सबसे ज्यादा तापमान है। पिछले 10 सालों में सबसे कम तापमान 2019 में 5.6 डिग्री के रुप में दर्ज है, वहीं सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 2018 में दर्ज 8 डिग्री तापमान है।


उत्तर भारत की 220 से 240 किमी की रफ्तार से चल रही जेट स्ट्रीम से बढ़ी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पिछले कुछ समय से उत्तर भारत में 13 किलोमीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम चल रही है। ये अत्यंत तेज हवाओं को कहा जाता है, इस दौरान हवा की रफ्तार 220 से 240 किलोमीटर प्रति घंटे तक रिकार्ड की गई है। इसके कारण जमीन पर भी ठंड का असर बहुत बढ़ गया है। ये हवाएं उत्तर भारत में हिमालय से टकरा कर आने के कारण काफी ठंडी हैं। इंदौर की ओर आ रही हवाएं भी उत्तर भारत से आने के कारण अपने साथ ठंडक लेकर आ रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

अगले तीन से चार दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले तीन से चार जेट स्ट्रीम का प्रकोप जारी रहेगा। इससे शहर में रात का तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच बना रहने की उम्मीद है। वहीं दिन का तापमान भी 23 से 25 डिग्री के बीच रहेगा। यानी अगले कुछ दिन शहर ठंड की गिरफ्त में होगा।

धूप भी हो रही बेअसर
पिछले कुछ दिनों से दिन में तेज धूप ठंड से राहत दे रही थी, लेकिन कल दिन में हल्के बादलों और दिन में भी चल रही ठंडी हवाओं के सामने धूप भी बेअसर रही और दिन में भी ठंडी हवाओं के कारण ठंड चुभती रही। शाम होते ही इसका असर और तेज हो गया, जिससे बाहर निकलने ही ठिठुरन का अहसास रहा।

एक नजर पिछले 10 सालों में जनवरी के सबसे कम तापमान पर
वर्ष तापमान तारीख
2014 6.7 11
2015 6.9 6
2016 7.3 23
2017 6.3 13
2018 8 3
2019 5.6 29
2020 7.1 10
2021 7.2 29
2022 6.4 28
2023 7.3 4
2024 9 21
(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक)

Share:

Next Post

ओवरटेक करने में हादसा, एक की मौत, तेजाजीनगर ब्रिज के पास हुई घटना, मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार

Sun Jan 21 , 2024
इन्दौर। ओवरटेक करने के चक्कर में दो युवक हादसे का शिकार हो गए। एक की हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके साथ वाला गंभीर घायल हुआ है। दोनों आपस में रिश्तेदार है। वे दोस्तों से मिलकर लौट रहे थे। तेजाजी नगर पुलिस ने बताया कि हादसा ब्रिज से आगे हुआ है। विनोद पिता विक्रम पंवार […]