
पुणे. पुणे (Pune) जिले के भोर तहसील से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां चार साल की मासूम (4-Year-Old Girl) के साथ रेप किया गया, फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. बच्ची अपनी नानी के यहां छुट्टियां बिताने आई थी. इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. लोगों ने मामले को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मासूम बच्ची गर्मी की छुट्टियों में अपनी नानी के घर आई हुई थी. शनिवार को वह घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान 65 साल (65-Year-Old Man) का भीमराव कांबले उसे बहला-फुसलाकर अपने घर के सामने स्थित पशुओं के तबेले में ले गया. आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. पहले रेप की वारदात को अंजाम दिया, मासूम की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने शव को तबेले में पड़े गाय के गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया, ताकि किसी को शक न हो.
जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. गांवभर में खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिवार की चिंता बढ़ गई. इसी बीच, तबेले में खोजबीन के दौरान बच्ची का शव बरामद हुआ. यह दृश्य देखकर परिजन चीख पड़े और घर में मातम पसर गया. गांव के लोग सन्न रह गए.
घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जायजा लिया. इसी के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें आरोपी बच्ची को तबेले की ओर ले जाता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने तत्काल भीमराव कांबले को हिरासत में ले लिया. फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है.
इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया. सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करने लगे. गांव वाले काफी गुस्से में हैं. उनका कहना है कि जब तक आरोपी हमें नहीं सौंपा जाता, लाश नहीं लेने देंगे. गांव वालों ने तबेले के सामने कैंप लगा लिया है. पुलिस प्रशासन लोगों से बात कर रहा है, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े हैं. हालात को कंट्रोल करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
गुस्साई भीड़ ने मुंबई-बेंगलुरु हाइवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे वाहनों की कतारें लग गईं. पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत किया और लोगों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved