ब्‍लॉगर

स्मृति शेष: पालोन जीः सादा जीवन-बड़ा निर्माण

– बिक्रम उपाध्याय

देश के प्रमुख उद्योगपति और सार्वजनिक निर्माण क्षेत्र के पितामह माने जाने वाले पालोन जी मिस्त्री का निधन हो गया। उद्योग जगत के लिए यह भारी क्षति है। वे 93 वर्ष के थे। उनका निधन इस दुनिया से एक बड़े व्यक्तित्व का जाना ही नहीं है बल्कि व्यवसाय और उद्योग जगत की बहुत सी शख्सियतों के लिए किसी किंवदंती या उदाहरणों का भी एक ठहराव है। कहा जा सकता है कि मृत्यु की अपनी शाश्वतता है, जिससे होकर सभी को गुजरना ही है। पालोन जी हमेशा याद किए जाते रहेंगे, खासकर एक भारतीय कंस्ट्रक्शन कंपनी को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए।

पालोन जी मिस्त्री की जिंदगी बेहद प्रेरणादायक है। पालोन जी मिस्त्री इस दुनिया को अलविदा कहने के बाद अपने पीछे एक नाम और लगभग 75 देशों में कारोबार के साथ 70 हजार कर्मचारियों का एक भरा-पूरा साम्राज्य छोड़ कर गए हैं। शापोर जी पालोन जी यानी एसपी ग्रुप का मजबूत ब्रांड। पालोन जी का जन्म 01 जून, 1929 को हुआ और मृत्यु 28 जून को 2022 को। जन्म शनिवार को हुआ और मृत्यु मंगलवार को हुई। शनिवार और मंगलवार ‘हनुमान जी’ के दिन माने जाते हैं। वैसे पालोन जी पारसी धर्म से जुड़े परिवार का हिस्सा थे, लेकिन उन्होंने काम वही किया जो लंका विजय में हनुमान जी ने किया। पालोन जी मिस्त्री ही वे शख्स हैं , जिन्होंने अपनी कंपनी के बिजनेस को भारत के बाहर ले जाकर मध्य पूर्व देशों में न केवल स्थापित किया बल्कि वहां भारतीय पहचान का झंडा गाड़ दिया।

1970 के दशक में पालोन जी ने कतर, दुबई और अबूधाबी में एक से एक भवनों का निर्माण कार्य शुरू किया। उनको सबसे ज्यादा ख्याति तब मिली जब उनकी कंपनी को ओमान के सुल्तान का महल बनाने का काम मिला। अबूधाबी में फेयरमोंट बाब अल बहर होटल, मैरियट होटल अबूधाबी, मस्कट में सुल्तान काबूस पैलेस, दुबई में दमाक के पार्क टावर्स और दोहा में बरवा सिटी कई ऐसी परियोजनाएं हैं, जिन्हें एसपी ग्रुप ने पूरा किया है।

पालोन जी मिस्त्री के नेतृत्व में एसपी ग्रुप ने देश को गौरवान्वित करने वाली कई परियोजनाएं पूरी की हैं। उनमें प्रमुख हैं सिखों के पवित्र तीर्थस्थल करतारपुर साहिब गुरुद्वारे के लिए गलियारे का निर्माण। भारतीय सीमा से कुछ ही दूरी पर पाकिस्तान में स्थित इस पवित्र गुरुदारे तक जाने के लिए केंद्र सरकार की योजना पर एपी ग्रुप ने बहुत ही कम समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर का निर्माण किया। हिमाचल प्रदेश में चीन की सीमा के पास अटल टनल, कश्मीर में दुनिया का सबसे ऊंचा चेनाब रेल ब्रिज, ढाका-चटगांव रेलवे कॉरिडोर इसी समूह ने बनाया है। और वर्तमान में देश में सबसे चर्चित नई दिल्ली में बन रहे सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का काम भी शापोर जी पालोन जी को ही दिया गया है। इसके अंतर्गत नए संसद भवन के साथ ही अनेक केंद्रीय मंत्रालय एक साथ बनाए जा रहे हैं।

पर्सिया से भारत आए पालोन जी मिस्त्री के पूर्वजों ने 1865 में ही यहां अपने बिजनेस की शुरुआत की थी। पालोन जी के दादाजी ने एक अंग्रेज के साथ मिलकर तब कंस्ट्रक्शन का काम शुरू किया था। पालोन जी मिस्त्री के पिताजी ने 1920 में टाटा समूह के साथ मिल कर काम शुरू किया। मुंबई के 10 ऐतिहासिक भवनों में अधिकतर का निर्माण पालोन जी की कंपनी ने ही किया है। इनमें मुंबई स्थित रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का भवन, मालाबार हिल का रिजर्वायर, द ताजमहल पैलेस, होटल ओबेराॅय प्रमुख हैं। आज टाटा संस में एसपी ग्रुप की भागीदारी 18 प्रतिशत से अधिक है।

पालोन जी मिस्त्री ने लंदन के रिजेंट्स विश्वविद्यालय से डिग्री हासिल की और अपने पारिवारिक व्यवसाय के साथ जुड़ गए। उनका पुरुषार्थ ही है कि आज शापूर जी पालोन जी ग्रुप का कारोबार इंजीनियरिंग, कंस्ट्रक्शन, इन्फ्रॉस्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, वाटर एनर्जी ऐंड फाइनेंशियल सर्विसेज में फैला हुआ है। इतना बड़ा कारोबार होने के बावजूद पालोन जी मिस्त्री दुनिया में दिखावे से हमेशा दूर रहे। उनकी सादगी के कारण ही उन्हें साइलेंट बिलियनाॅयर कहा जाता है। एक समय था कि टाटा के मुख्यालय बांबे हाउस में उनकी तूती बोलती थी। उन्हें फैंटम कहा जाता था।

उनके निधन पर दुनिया भर से शोक संदेश आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा है कि पालोन जी मिस्त्री के निधन से दुखी हूं। उन्होंने वाणिज्य और उद्योग की दुनिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मोदी सरकार ने ही उन्हें उद्योगपति के रूप में उनके योगदान के लिए देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण (2016 ) प्रदान किया था।

फोर्ब्स के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, एसपी ग्रुप की कुल संपत्ति 13 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है, जो दुनिया में 143 वें स्थान पर है। एसपी ग्रुप के दिल्ली स्थित कार्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी मोहन मिश्र कहते हैं-‘भारत में जब भी क्वालिटी कंस्ट्रक्शन और यादगार भवनों को याद किया जाएगा,पालोन जी का जिक्र उसमें जरूर होगा। उन्होंने समय पर उत्कृष्ट कार्य की जो परंपरा डाली है, वह इस समय एसपी ग्रुप के लिए ब्रह्म वाक्य बन गया है।’

(लेखक, वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

Share:

Next Post

मप्र में मिले कोरोना के 69 नये मामले, 80 मरीज संक्रमण मुक्त हुए

Wed Jun 29 , 2022
भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना के 69 नये मामले (69 new cases of corona last 24 hours) सामने आए हैं, जबकि 80 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 10 लाख 44 हजार 150 हो गई है। हालांकि, राहत की बात […]