भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

अरब सागर में मानसूनी हलचल बढी, गर्मी से राहत मिलने के आसार

  • मप्र में फिर प्री मानसून एक्टिविटी, निमाड़ से मानसून की एंट्री की संभावना

भोपाल। अरब सागर में मानसूनी हलचल बढऩे लगी है। इस वजह से वातावरण में धीरे-धीरे नमी आने के आसार हैं। इस वजह से बुधवार से राजधानी सहित मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 10 जून से मानसून पूर्व की गतिविधियों में भी तेजी आने के आसार हैं। इससे भीषण गर्मी से राहत मिलने का सिलसिला शुरू हो सकता है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर एक ट्रफ लाइन पूर्वी मप्र से होकर तेलंगाना तक बनी हुई है। इसी चक्रवात से एक अन्य ट्रफ लाइन उत्तरी बांग्लादेश तक बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी में कुछ आगे बढ़ा है। उधर अरब सागर में भी अब मानसून हलचल बढऩे लगी है। इससे हवाओं के साथ कुछ नमी आने लगी है। इसके चलते अब तापमान में धीरे-धीरे गिरावट होने के आसार हैं।


इंदौर में 10, भोपाल में 12 जून से बारिश!
प्रदेश में एक बार फिर से प्री मानसून एक्टिविटी शुरू होगी। इंदौर और नर्मदापुरम में 10 जून से प्री मानसून की बारिश शुरू होगी। फिर तेज हवाओं के साथ बौछारें गिरेंगी। भोपाल को यह 12 जून से तर करना शुरू कर देगा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया 12 जून से लेकर 19 जून तक मध्यप्रदेश में प्री मानसून एक्टिविटी होगी। इससे तापमान में गिरावट आएगी। संभावना है कि इंदौर संभाग से मानसून एंट्री कर सकता है। यहां खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर, धार जिले शामिल है। यह बारिश मानसून के सेट होने तक चलती रहेगी, हालांकि अभी भी मानसून की रफ्तार धीमी है। अभी यह केरल और कर्नाटक के उत्तरी हिस्से में पहुंच गया है। इससे प्री मानसून की गतिविधियां थोड़ी तेज हुई हैं। बीते 24 घंटे में दिन और रात का तापमान नीचे आया है।

शुष्क मौसम का मप्र पर असर नहीं
अभी दो चक्रवाती घेरा राजस्थान और यूपी के ऊपर बना हुआ है। पाकिस्तान से हवाएं आ रही हैं। मौसम शुष्क होने के कारण प्रदेश में इसका सीधा असर पड़ रहा है। इसी कारण बीते 3 दिन से भीषण गर्मी हो रही है। दिन और रात का पारा काफी ऊपर चला गया। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभागों में अभी भी लू चल रही है। भोपाल और इंदौर में पारा तो कंट्रोल में है, लेकिन गर्मी कम नहीं है। बुधवार से लोगों को राहत मिल सकती है।

20 जून के बाद हो सकता है मानसून सेट
प्री मानसून एक्टिविटी के 10 जून से एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। 19 जून तक यह लगातार चलती रहेगी। मप्र में मानसून 19 जून के बाद सेट हो सकता है। अभी मध्यप्रदेश में मानसून 20 जून को आता है। अभी 2 दिन तक ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा में लू का प्रकोप रहेगा। यहां पर 10 जून के बाद ही राहत की उम्मीद की जा सकती है। यही इलाके अभी सबसे ज्यादा तप रहे हैं। यहां पर तापमान 46 डिग्री को पार कर चुका है।

Share:

Next Post

सूरमा के बतोले

Thu Jun 9 , 2022
कहते हैं तंदुरुस्ती हजार नियामतों से बेहतर होती हेगी। बात बी सई हे साब…जो इंसान तंदुरुस्त हे वो हर लिहाज से बेहतर हे। जब बी बात सेहत की चलती है तो हमारे जहन में एलोपैथी, होमियोपैथी, आयुर्वेद या यूनानी दवाओं या इनके चारागरों की तस्वीर उभरती है। जरा कोई मरज तजवीस हुआ नईं के साब […]