ब्‍लॉगर

भारत में मानसूनी बारिश तबाही मचाएगी

प्रमोद भार्गव
पोट्सडैम जलवायु प्रभाव शोध संस्थान के वैज्ञानिक-प्राध्यापक एंडर्स लीवरमैन ने धरती के बढ़ते तापमान की वजह से भारत में बारिश पर होने वाले प्रभावों का अध्ययन किया है। एंडर्स के मुताबिक जितनी बार धरती का पारा वैश्विक तापमान के चलते एक डिग्री सेल्सियस ऊपर चढ़ेगा, उतनी ही बार भारत में मानसूनी बारिश 5 प्रतिशत अधिक होगी। मानसूनी बारिश का वास्तविक अंदाजा लगाना भी कठिन हो जाएगा। यह अध्ययन ‘अर्थ सिस्टम डायनेमिक्स’ जर्नल में छपा है। भारत में आमतौर पर बारिश का सीजन जून के महीने से शुरू होता है और सितंबर के अंत तक चलता है। एंडर्स का कहना है कि इस सदी के अंत तक साल दर साल वैश्विक तापमान की वजह से तापमान बढ़ेगा। नतीजतन भारत में मानसूनी बारिश तबाही मचाएगी। इससे ज्यादा बाढ़ आएगी, जिससे लाखों एकड़ में फैली फसलें खराब होंगी। यह इस पीढ़ी का जलवायु परिवर्तन का नमूना है, जो भारत की मानसूनी बारिश के अगले चार सालों का अनुमान लगाता है। यह अनुमान वैश्विक तापमान के बढ़ते क्रम के आधार पर लगाया जाता है। पेरिस जलवायु समझौते के अनुबंध के तहत अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस को तय मानक माना जाता है। इसी नमूने से दुनिया के अलग-अलग देशों में मानसूनी या तूफानी बारिश की गणना की जाती है। इस अध्ययन के अनुसार पिछले जलवायु नमूना की तुलना इस मॉडल से करें तो भारत में मौसमी बारिश ज्यादा शक्तिशाली व अनियमित होने जा रही है। 
इस अध्ययन के अलावा संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2020 में किए गए एक अध्ययन से भी स्पष्ट हुआ था कि जलवायु परिवर्तन और पानी का अटूट संबंध है। इस रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण एशिया को 2030 तक बाढ़ों की कीमत प्रत्येक वर्ष चुकानी पड़ेगी। इनसे करीब सालाना 15.6 लाख करोड़ की हानि उठानी पड़ सकती है। साफ है, वैश्विक तापमान के बढ़ते खतरे ने आम आदमी के दरवाजे पर दस्तक दे दी है। दुनिया में कहीं भी एकाएक बारिश, बाढ़, बर्फबारी, फिर सूखे का कहर यही संकेत दे रहे हैं। आंधी, तूफान और फिर यकायक ज्वालामुखियों के फटने की हैरतअंगेज घटनाएं भी यही संकेत दे रही हैं कि अदृश्य खतरे इर्दगिर्द ही कहीं मंडरा रहे हैं। समुद्र और अंटाकर्टिका जैसे बर्फीले क्षेत्र भी इस बदलाव के संकट से दो-चार हो रहे हैं।
दरअसल वायुमंडल में अतिरिक्त कार्बन डाईऑक्साइड महासागरों में भी अवशोषित होकर गहरे समुद्र में बैठ जाती है। यह वर्षों तक जमा रहती है। पिछली दो शताब्दियों में 525 अरब टन कचरा महासागरों में विलय हुआ है। इसके इतर मानवजन्य गतिविधियों से उत्सर्जित कार्बनडाइऑक्साइड का 50 फीसदी भाग भी समुद्र की गहराइयों में समा गया है। इस अतिरिक्त कार्बनडाइऑक्साइड के जमा होने के कारण अंटार्कटिका के चारों ओर फैले दक्षिण महासागर में इस कॉर्बन डाइऑक्साइड को सोखने की क्षमता निरंतर कम हो रही है। इस स्थिति का निर्माण खतरनाक है। ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वेक्षण के मुताबिक वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण महासागर में कार्बन डाइऑक्साइड से लबालब हो गया है। नतीजतन अब यह समुद्र इसे अवशोषित करने की बजाय वायुमंडल में ही उगलने लग गया है। अगर इसे जल्दी नियंत्रित नहीं किया गया तो वायुमंडल का तापमान तेजी से बढेगा, जो न केवल मानव प्रजाति, बल्कि सभी प्रकार के जीव-जंतुओं के अस्तित्व के लिए खतरनाक होगा।
हिमालय पर कई वर्षों से अध्ययन कर रहे ‘वाडिया भू-विज्ञान संस्थान’ की रिर्पोट के अनुसार हिमालय के हिमखंडों में काले कार्बन की मात्रा लगातार बढ़ रही है। यह मात्रा सामान्य से ढाई गुना बढ़कर 1899 नैनोग्राम हो गई है। दरअसल काले कार्बन से तापमान में वृद्धि होती है। यह सूर्य के प्रकाश को अवशोषित करने में अत्यंत प्रभावी है। इससे हिमालय और आर्कटिक जैसे हिमखंडों में बर्फ पिघलने लगती है। बीती बरसात में औसत से कम बारिश होने के कारण बर्फ पिघलने की मात्रा और अधिक बढ़ गई है। वायु प्रदूषण से भी हिमखंड दूषित कार्बन की चपेट में आए हैं। उत्तराखंड अंतरिक्ष उपयोग केंद्र ने निष्कर्ष निकाला है कि पिछले 37 सालों में हिमाच्छादित क्षेत्रफल में 26 वर्ग किलोमीटर की कमी आई है। इस क्षेत्र में पहले स्थाई स्नोलाईन 5700 मीटर थी, जो अब 5200 मीटर के बीच घट-बढ़ रही है। यही वजह है कि नंदादेवी जैव-मंडल (बायोस्फियर) आरक्षित ऋषि गंगा के दायरे का कुल 243 वर्ग किमी क्षेत्र बर्फ से ढका था, लेकिन यह 2020 में 217 वर्ग किमी ही रह गया है। साफ है, तापमान बढ़ने का सिलसिला बना रहा और यदि बर्फ इसी तरह पिघलती रही तो जीव-जंतुओं और वनस्पतियों के संकट में आने का सिलसिला भी बना रहेगा।
बढ़ते तापमान से हिमखंडों के पिघलने की जो शुरूआत होगी, उसका खतरनाक मंजर बांग्लादेश में भी देखने को मिल सकता है। यहां तबाही का तांडव इसलिए जबरदस्त और व्यापक होगा, क्योंकि बांग्लादेश तीन नदियों के डेल्टा पर आबाद है। यहां के ज्यादातर भूखंड समुद्र तल से महज 20 फीट की ऊंचाई पर स्थित हैं। इसलिए बर्फ की शिलाओं के पिघलने से समुद्र का जलस्तर ऊपर उठेगा तो सबसे ज्यादा जलमग्न भूमि इसी देश की होगी। यहां आबादी का घनत्व सबसे ज्यादा है, इसलिए मानव त्रासदी भी इस देश को ही सबसे ज्यादा झेलनी पड़ सकती है। बांग्लादेश इस आशंका की चिंता कई बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठा चुका है। इस बाबत एक आशंका यह भी है कि यदि वैश्विक तापमान थोड़ा भी बढ़ता है और हिमखंड पिघलते रहते हैं तो 2050 तक बांग्लादेश में धान की पैदावार 10 प्रतिशत और गेहूं की 30 प्रतिशत घट सकती है।
‘बढ़ते तापमान को लेकर एक नई आशंका यह भी जताई जा रही है कि इससे दुनिया में कीड़े-मकोड़े और जीवाणु-विषाणु की संख्या अत्याधिक मात्रा में बढ़ेगी। कीड़ों के जीवन-चक्र पर बहुत ज्यादा वैज्ञानिक शोध नहीं हुए हैं। इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि 10 मिलीग्राम से कम वजन के कीड़े वैज्ञानिकों की रडार प्रणाली में नहीं आते हैं। इस सच्चाई को जानने के लिए दक्षिण इंग्लैंड में एक रडार लगाया गया था। दरअसल वैज्ञानिकों का ऐसा अनुमान है कि इसी स्थल से यूरोप और अफ्रीका के लिए 35 अरब कीड़े प्रवास यात्रा पर निकलते हैं। इस रडार से 70,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में कीड़ों के स्थान परिवर्तन का पता चला है। कीटों पर हालांकि अभी तक व्यापक स्तर पर शोध नहीं हुए हैं। परंतु जितने भी हुए हैं, उस आधार पर सबसे अधिक आबादी धरती पर कीड़ों की ही है। जिस तेजी से ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है, उसमें निश्चित रूप से कीड़ों की संख्या और तेजी से बढ़ेगी, क्योंकि गर्म वातावरण में कीड़े तेजी से बढ़ते हैं। कीड़ों के प्रवास के लिए प्राकृतिक चयन के सिद्धांत को जिम्मेवार माना जा रहा है
ऐसे संकेत लगातार मिल रहे हैं कि जलवायु परिवर्तन खतरनाक रूप ले चुका है। इसकी पुष्टि पिछले पांच सालों से आ रही प्राकृतिक आपदाओं से पूरी दुनिया को मिल रही है। ब्राजील, आस्ट्रेलिया, सिडनी, फिलीपिंस, मोजाम्बिक, थाईलैंड, श्रीलंका, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश में प्रलंयककारी बाढ़ और भूस्खलन की आपदाएं निरंतर बनी हुई है। भारत के पश्चिम बंगाल और ओड़ीसा में तूफान लगातार कहर ढा रहे हैं। इनके आने की अवधि घट गई है। उत्तराखंड में केदारनाथ की त्रासदी के बाद फरवरी 2021 में चमोली जिले के हिमखंड टूटने से आई भयंकर आपदा ने जताया है कि हिमालय क्षेत्र में आधुनिक विकास दुष्परिणामों के रूप में स्पष्ट दिखाई देने लगा है। इस त्रासदी में 62 लोगों की मौतें हुई और 142 लोग लपाता है। उत्तराखंड में कथित विकास और पारिस्थितिकी तंत्र के अनियमित हो जाने और जलवायु बदलाव के चलते जंगलों में आग का सिलसिला भी चल रहा है। अमेरिका में बर्फबारी और दावानलों ने कहर ढहाया हुआ है। आस्ट्रेलिया भी इसी कालखंड में भीषण सूखे की चपेट में आ गया है।
21वीं सदी के पहले दो दशकों में आए प्राकृतिक प्रकोपों ने तय कर दिया है कि मानसून में क्रूर बदलाव ब्रह्माण्ड की कोख में अंगड़ाई ले रहा है। अनियंत्रित औद्योगिकीकरण और उपभोग आधारित इस जीवनशैली के लिए कार्बन उत्सार्जन का यही क्रम जारी रहा तो उपरोक्त अध्ययन के मुताबिक अगली एक शताब्दी में दुनिया का तापमान 0.3 से 4.8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। जो खाद्य संकट तो बढ़ाएगा ही, पर्यावरण शरणार्थी जैसी भयावह समस्या भी खड़ी कर देगा।
(लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)
Share:

Next Post

सरदार पटेल की सीख को कब आत्मसात करेंगे आला अफसर

Thu Apr 29 , 2021
  आर.के. सिन्हा भारत में शक्तियों के विकेन्द्रीयकरण के बारे में कहा जाता है कि यहां पर तो सारी शक्तियां क्रमश: प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के पास ही निहित होती हैं। अगर इसे जन भाषा में समझा जाए तो कहा जा सकता है कि देश पर प्रधानमंत्री, राज्य में मुख्यमंत्री और जिले पर जिलाधिकारी का […]