बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

MP: सभी किसानों को आवश्यकतानुसार उपलब्ध होगा उर्वरक : सीएम शिवराज

-मुख्यमंत्री ने की रबी 2021-22 के लिए उर्वरक व्यवस्था की समीक्षा, कहा- प्रदेश में पर्याप्त उपलब्धता

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि प्रदेश में यूरिया, डी.ए.पी, एन.पी.के. और सिंगल सुपर फास्फेट (Urea, DAP, NPK and single super phosphate) की पर्याप्त उपलब्धता है। भारत सरकार द्वारा भी लगातार रैक भेजे जा रहे हैं। सभी किसानों को आवश्यकतानुसार उर्वरक उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को मंत्रालय में रबी 2021-22 के लिए प्रदेश में उर्वरक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले में पेक्स तथा प्राइवेट रिटेलर पाइंट्स अधिक से अधिक संख्या में चालू रहें। रिटेलर पाइंट्स पर गत वर्ष के विक्रय के अनुसार प्रतिमाह खाद पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। सोसायटियों के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराएँ, जिससे मार्कफेड के डबल लॉक पर अधिक भीड़ न लगे। सभी विक्रय पीओएस के माध्यम से हों।


गैर-कृषकों को खाद नहीं बेची जाए, कालाबाजारी पर लगेगी रासुका
मुख्यमंत्री ने कहा कि गैर कृषकों को खाद नहीं बेची जाए और कालाबाजारी पर नियंत्रण आवश्यक है। कालाबाजारी जैसी गतिविधि में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति पर कठोरतम कार्यवाही करते हुए रासुका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनपीके और एसएसपी को बढ़ावा देना आवश्यक है। स्थानीय स्तर पर कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विज्ञान केन्द्र के माध्यम से इससे संबंधित जानकारियों का प्रचार-प्रसार किसानों में किया जाए। इसके लिए स्थानीय स्तर पर सक्रिय किसानों के वॉट्सएप ग्रुप तथा अन्य सोशल मीडिया और इलेक्ट्रानिक मीडिया का उपयोग भी किया जाना चाहिए।

प्रदेश को पर्याप्त उर्वरक के रैक प्राप्त हो रहे हैं
चौहान ने दमोह, छतरपुर, गुना, बीना में खाद के वितरण को लेकर हुई अव्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हम केन्द्र के निरंतर सम्पर्क में हैं। प्रदेश को उर्वरक के पर्याप्त रैक प्राप्त हो रहे हैं।

कलेक्टर प्रत्येक स्तर पर किसानों से जीवंत संवाद में रहें
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिला कलेक्टर प्रत्येक स्तर पर किसानों से जीवंत संवाद में रहें और उन्हें आश्वस्त करें कि खाद की कमी की स्थिति नहीं है। आवश्यकता के अनुसार सभी को खाद उपलब्ध होगी। उन्होंने सागर, शिवपुरी और आगर-मालवा के कलेक्टरों से भी उर्वरक की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।

बैठक में जानकारी दी गई कि नवम्बर माह की औसत आवश्यकता के अनुसार यूरिया, डी.ए.पी., एन.पी.के. और एस.एस.पी उपलब्ध करा दी गई है। अक्टूबर 2021 में अक्टूबर 2020 की तुलना में एन.पी.के और एस.एस.पी. का अधिक विक्रय हुआ है।

बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव कृषि अजीत केसरी, प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य पल्लवी जैन गोविल, जनसंपर्क आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कृषि मंत्री कमल पटेल बैठक में वर्चुअली सम्मिलित हुए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

दिवाली ही नहीं, वर्षभर करें प्रदूषण घटाने की चिंता

Tue Nov 9 , 2021
– योगेश कुमार गोयल पहले से ही प्रदूषण की खतरनाक स्थिति के मद्देनजर पटाखों पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों की धज्जियां उड़ाते हुए दिल्ली-एनसीआर में इस साल भी जिस प्रकार लोगों ने जमकर पटाखे चलाए, उससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) कई इलाकों में गंभीर स्तर से भी अधिक 480 तक पहुंच गया। पटाखों […]