भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

टैक्स जमा करने लोग हुए परेशान

  • ई-नगरपालिका सॉफ्टवेयर ने बढ़ाई दिक्कत

भोपाल। राजधानी भोपाल में नगर निगम ने बकाया वसूली के लिए भले ही साढ़े चार लाख करदाताओं के घरों तक देयक पहुंचाने के लिए ऑपरेशन पहुंच शुरू किया हो, लेकिन सर्वर डाउन के कारण इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है। दरअसल, रविवार को भी बकाया वसूली के लिए शहर से सभी वार्ड व जोन कार्यालय सुबह 10 बजे से खुले रहे। सर्वर डाउन होने के कारण दोपहर दो बजे तक काम ठप रहा। अधिकांश करदाता टैक्स जमा के लिए इंतजार करते रहे। बताया जा रहा है कि ई-नगरपालिका सॉफ्टवेयर में अक्सर सर्वर डाउन की समस्या आती है। उधर, ऑनलाइन टैक्स जमा करने वालों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि ऑपरेशन पहुंच के तहत देयक पहुंचाने के बाद अवकाश का दिन (रविवार) होने के बावजूद वार्ड कार्यालयों में करदाताओं की भीड़ पहुंची। सुबह 10 बजे ही सर्वर डाउन होने के कारण आधा-आधा घंटे में ई-नगरपालिका सॉफ्यवेयर पर टैक्स जमा होने की प्रक्रिया जारी रही। दोपहर तक स्थिति यह रही कि सॉफ्टवेयर पर एंट्री करना तक मुश्किल हो गया। इसकी सूचना भी वार्ड प्रभारियों व जोनल अधिकारियों ने नगर निगम के अधिकारियों को दी। शाम पांच बजे के बाद काम में तेजी आई। तब तक अधिकारी व करदाता दोनों ही परेशान होते रहे। अधिकांश करदाताओं ने अधिकारियों से ऑनलाइन टैक्स जमा नहीं होने की शिकायत भी दर्ज कराई।

डेढ़ लाख करदाताओं के घरों तक पहुंचे कर्मचारी
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन पहुंच के तहत नगर निगम के कर्मचारियों ने साढ़े चार लाख में से एक लाख 52 हजार करदाताओं के घर-घर जाकर देयक पहुंचाया। साथ ही सरकार द्वारा दी जा रही आगामी 31 दिसंबर तक अधिभार में मिलने वाली विशेष छूट की जानकारी दी। बता दें कि ऑपरेशन पहुंच के तहत दो लाख 90 हजार संपत्ति कर और एक लाख 60 हजार जल उपभोक्ता प्रभार के बकाया करदाताओं के घर-घर दो दिन में देयक उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Share:

Next Post

थाली पीटने भर से मंगलमय नहीं होगा नया साल

Mon Dec 28 , 2020
–  सियाराम पांडेय ‘शांत’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष के अंत में अपने मन की आखिरी बात की। उनकी मन की बात का दिल्ली सीमा पर आंदोलित किसानों ने थाली बजाकर विरोध किया। तर्क दिया कि मोदी जी ने कहा था कि ताली और थाली बजाने से कोरोना भाग जाएगा। हम थाली इसलिए बजा रहे […]