भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

पीएचक्यू की ‘चुनावी’ भर्ती

  • एक महीने बाद बनेंगे नियम, दो महीने बाद आवेदन, छह महीने बाद होगी भर्ती

भोपाल। पुलिस महकमे में पिछले तीन साल से लंबित आरक्षक भर्ती परीक्षा छह महीने बाद मार्च 2021 में होने की संभावना। परीक्षा प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी)द्वारा ली जाएगी। परीक्षा के अभी न तो नियम तय हुए हैं और न ही परीक्षा की तिथि तय हुई है। इसके बावजूद पुलिस मुख्यालय ने हड़बड़ी में 4 हजार आरक्षकों की भर्ती की सूचना जारी कर दी है। अभी तक भर्ती की सूचना पीईबी जारी करता रहा है। पीएचक्यू की ओर से जारी भर्ती सूचना को प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस मुख्यायल द्वारा जारी आरक्षकों की भर्ती सूचना के अनुसार 4 हजार आरक्षकों की भर्ती के लिए दो महीने बाद 24 दिसंबर से 7 जनवरी 2021 तक ऑनलाइन आवेदन बुलाए जाएंगे। अभी भर्ती नियमों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। भर्ती नियमों का प्रकाशन अगले महीने 25 नवंबर को होगा। नियम पीईबी द्वारा जारी किए जाएंगे। परीक्षा की तिथि तय नहीं है। भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि छह महीने बाद 6 मार्च 2021 से शुरू होगी। खास बात यह है कि पुलिस मुख्यालय ने हड़बड़ी में आरक्षक भर्ती की जो सूचना जारी की है, उसमें तिथियों में बदलाव संभव है। क्योंकि जारी सूचना में स्पष्ट लिखा गया है कि ये समस्त तारीखें पूरी तरह से संभावित हैं। ऐसे में भर्ती कार्यक्रम में बदलाव की आशंका भी है। भर्ती परीक्षा कराने वाली एजेंसी प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) की अधिकृत वेबसाइट पर अभी ऐसी कोई सूचना नहीं है। सिर्फ पुलिस आरक्षक भर्ती की संभावित तिथि 6 मार्च है।

पीईबी जारी करता है भर्ती सूचना
अभी तक पीईबी द्वारा जिन विभागों के लिए भर्ती परीक्षाएं ली जाती हैं। उनकी सूचना खुद पीईबी की ओर से जारी की गई है। इसके लिए बाकायदा पीईबी द्वारा समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित कराई जाती है। विभाग भर्ती की सूचना जारी नहीं करते हैं।

उपचुनाव के बीच चर्चा में पीएचक्यू का पत्र
पुलिस मुख्यालय ने जिस तरह से जल्दबादी में आरक्षक भर्ती की सूचना जारी की है, उसे प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि उपचुनाव में राजनीतिक दलों द्वारा युवा मतदाताओं को लुभाने के लिए रोजगार एवं सरकारी भर्तियों को मुद्दा बनाया है। ऐसे में पीएचक्यू की ओर से जारी आरक्षक भर्ती सूचना भी उपचुनाव में चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार आरक्षक भर्ती परीक्षा में पुलिस मुख्यालय की कोई भूमिका नहीं रहती है। गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय पीईबी को भर्ती के लिए पद संख्या और नियम बनाकर देता है। इसके बाद भर्ती एजेंसी पीईबी अपने हिसाब से भर्ती करता है। परीक्षा होने तक पीएचक्यू का कोई दखल नहीं रहता है। परीक्षा परिणाम के बाद शारीरिक नापतौल की प्रक्रिया पीएचक्यू की चयन एवं भर्ती शाखा करती है।

Share:

Next Post

उपचुनाव के बीच सिलावट को हाईकोर्ट का नोटिस

Fri Oct 23 , 2020
भोपाल। विधानसभा उपचुनाव के बीच पूर्व मंत्री व सांवेर के विधायक रहे तुलसी सिलावट को हाई कोर्ट ने एक और नोटिस जारी किया है। दरअसल, सांवेर में पराजित प्रत्याशी डॉ. राजेश सोनकर ने सिलावट के खिलाफ दायर चुनाव याचिका पिछले दिनों वापस ले ली थी। इस पर मतदाता पवन कुमार ने अधिवक्ता रवींद्र सिंह छाबड़ा […]