इंदौर न्यूज़ (Indore News)

दिल्ली में बिगड़ा विमान, रात 10.30 के बजाय सुबह 4 बजे इंदौर पहुंचा, 5 बजे यात्री हुए रवाना, इंदौर से लेकर दिल्ली तक हंगामा

इंदौर। कल रात दिल्ली से इंदौर आने वाले और इंदौर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों का सफर बेहद मुश्किलोंभरा रहा। इंदौर आने से पहले विमान दिल्ली में खराब हो गया, जिससे रात 10.30 बजे इंदौर पहुंचने वाली फ्लाइट तडक़े 4 बजे इंदौर पहुंची। विमान के देरी से आने के कारण इंदौर से जाने वाली फ्लाइट भी रात के बजाय सुबह रवाना हुई और यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही इंतजार करते हुए रात बिताना पड़ी। इससे परेशान यात्रियों ने दिल्ली और इंदौर एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा भी किया। वहीं कंपनी ने दिन में उदयपुर और नासिक की उड़ानों को भी निरस्त किया। उड़ानों के निरस्त और लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान (6ई-2208) रात 9.10 बजे दिल्ली से रवाना होकर 10.30 बजे इंदौर पहुंचती है। वहीं इंदौर से यह फ्लाइट 11.10 बजे वापस दिल्ली के लिए रवाना होती है और रात 1 बजे वहां पहुंचती है। कल भी इस उड़ान से इंदौर आने के लिए यात्री शाम 7 के बाद ही दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचना शुरू हो गए थे। वहीं इंदौर से जाने वाले यात्री रात 9 बजे एयरपोर्ट पहुंचने लगे थे, लेकिन कल रात दिल्ली में यह विमान खराब हो गया।


कंपनी के इंजीनियर्स ने विमान का सुधार शुरू किया, जिसमें पांच घंटे से ज्यादा समय लग गया। सुधार के बाद यह विमान दिल्ली से रात 2.45 बजे रवाना होकर सुबह 4 बजे इंदौर पहुंच पाया। यात्री 4.30 बजे तक एयरपोर्ट से बाहर निकले और रात के बजाय सुबह घरों तक पहुंचे। वहीं इससे जाने वाले यात्रियों को लेकर विमान सुबह 5 बजे इंदौर से रवाना हुआ। इस दौरान यात्रियों को पूरी रात एयरपोर्ट पर बिताना पड़ी। इससे परेशान कुछ यात्रियों ने दिल्ली और इंदौर एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा भी किया, जिस पर अधिकारियों ने उन्हें शांत करते हुए खाने-पीने की व्यवस्था की।

उदयपुर और नासिक की उड़ानें निरस्त
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान (6ई-7438) दोपहर 2.45 बजे उदयपुर से इंदौर आती है, वहीं नासिक फ्लाइट (6ई-7109) शाम 7.10 बजे नासिक से इंदौर आती है। कल कंपनी ने इन दोनों ही उड़ानों को निरस्त कर दिया। इसके लिए ऑपरेशनल कारणों की बात कही गई। इससे पहले भी कंपनी कई बार अपनी उड़ानों को निरस्त कर चुकी है।

Share:

Next Post

म.प्र. में बिजली धांधली, प्रदेश में सरप्लस बिजली फिर भी जनता के लिए महंगी; दूसरे राज्यों को प्रदेश की बिजली 2 रु. सस्ती

Thu Feb 1 , 2024
भोपाल। मध्यप्रदेश की बिजली वितरण कंपनियां प्रदेश के ही लोगों की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही हैं या यूं कहें कि अपने ही प्रदेश को लूटने में लगी हैं तो गलत नहीं होगा। दरअसल, मध्यप्रदेश की तीनों बिजली वितरण कंपनियां, जो अपने आपको बिजली उत्पादन में सरप्लस स्टेट बताती हैं, बाहर कम […]