ब्‍लॉगर

पोंगापंथी से ऊपर उठें मजहबी

– डॉ. वेदप्रताप वैदिक

भारत में मजहब के नाम पर किस कदर पोंगापंथी कोहराम मचाकर खुश होते हैं? इसका ताजा किस्सा सामने आया है, मुजफ्फरनगर की युवा गायिका फरमानी नाज का। यह घरेलू मुस्लिम महिला है। इस तीस वर्षीय मुस्लिम महिला के खिलाफ कुछ मुस्लिम मौलानाओं ने अपने तोप और तमंचे दागने शुरू कर दिए हैं, क्योंकि उसका गाया हुआ एक भजन ‘हर हर शंभू…’ बहुत लोकप्रिय हो रहा है। उस भजन को इंटरनेट पर अभी तक लगभग 10 लाख लोग सुन चुके हैं।

देवबंद के उलेमाओं के वाग्बाणों के बाद कोई आश्चर्य नहीं कि अब नाज के भजनों, गजलों और गीतों को सुननेवालों की संख्या करोड़ों तक पहुंच जाए। हमारे पोंगापंथी मौलानाओं की फरमानी नाज पर यह बड़ी कृपा बरसेगी। मैंने भी फरमानी नाज को सुनने की कोशिश की। उसके शिव भजन में तो मुझे कोई खास रस नहीं आया लेकिन उसकी गजलें सुनकर मैं दंग रह गया। अपने चूल्हे पर गोबर लीपती हुई नाज जो गजल गा रही है, बिना तबला और बांसुरी के, वह भी सीधे दिल में उतर रही थी।

देवबंद के एक मौलाना और मुफ्ती ने फरमानी नाज के शिव भजन पर घोर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यदि आप मुसलमान हैं तो आपको किसी अन्य मजहब के देवी-देवताओं के भजन बिल्कुल नहीं गाने चाहिए। इस्लाम इसकी इजाजत कतई नहीं देता। उनके इस एतराज का फरमानी और उसकी मां, दोनों ने साफ लफ्जों में जवाब दिया है। उनका कहना है कि फरमानी नाज पक्की मुसलमान है और वह नियमित नमाज भी अदा करती है। लेकिन उसकी शादी के दो साल बाद ही उसका तलाक हो गया। उसे मुंबई के ‘इंडियन आइडल’ में गोल्डन टिकिट भी मिला, लेकिन इसे छोड़कर उसे फिर मुजफ्फरनगर आना पड़ा, क्योंकि उसके दो साल के बेटे के गले का गंभीर आपरेशन जरूरी था। उसके लिए वह पैसा कहां से लाती? सो, उसने गाना शुरू कर दिया। उसके पास कोई कमी नहीं रही। उसकी मां फातिमा बेगम ने कहा कि उसके गायन ने ही बच्चे के जान बचाई।

उन दोनों का कहना है कि संगीत का कोई मजहब नहीं होता। उनकी यह बात गलत नहीं है, क्योंकि मोहम्मद रफी, ए़आर रहमान, जावेद अख्तर, लता मंगेशकर, शकील बदायूंनी जैसे दर्जनों बड़े नाम हैं, जिन्होंने एक-दूसरे के धार्मिक भजनों और गीतों को गाया और लिखा है। मुसलमान और ईसाई अभिनेताओं ने हिंदू देवी-देवताओं के रोल किए हैं और हिंदू अभिनेताओं ने मुस्लिम बादशाहों के रोल अदा किए हैं।

क्या देवबंद के मौलानाओं को पता नहीं है कि रसखान ने कृष्णभक्ति में जो अदभुत काव्य लिखा है, क्या वैसा किसी हिंदू कवि ने भी लिखा है? अगर फरमानी नाज के खिलाफ आप फतवा जारी करेंगे तो आपको रहीम, रसखान, कबीर, मलिक मुहम्मद जायसी जैसे भारतीय महाकवियों के खिलाफ भी फतवा जारी करना पड़ेगा। मुझे तो कई बार पाकिस्तान के कई प्रसिद्ध गायकों के घर पर हिंदू भजन सुनकर चकित हो जाना पड़ा है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत के अनेक शास्त्रीय संगीत महारथियों को मैंने काबुल, कराची, लाहौर और दिल्ली में पक्के शास्त्रीय गायन में हिंदू देवी-देवताओं का उल्लेख करते हुए सुना है।

मीर, गालिब, इकबाल जैसे महान शायरों की कविताओं में मजहबी पोंगापंथियों की जो मजाक बनाया गया है उसे मैं यहां दोहराना नहीं चाहता हूं। देवबंद के मुल्ला-मौलवियों से मेरा अनुरोध है कि वे थोड़ी उदारता अपनाएं ताकि भारतीय इस्लाम दुनिया भर के इस्लाम से बेहतर बनकर उभरे और जिनकी नकल आप करना चाह रहे हैं, वे आपकी नकल करने लगें।

(लेखक, भारतीय भाषा सम्मेलन के अध्यक्ष हैं।)

Share:

Next Post

राष्ट्रमंडल खेल : भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में, कनाडा को 3-2 से हराया

Thu Aug 4 , 2022
बर्मिंघम। भारतीय महिला हॉकी टीम (Indian women’s hockey team) ने बुधवार को कनाडा (Canada) को 3-2 से हराकर बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों (Birmingham 2022 Commonwealth Games) के सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत के लिए सलीमा टेटे (3′) , नवनीत कौर (22′) और लालरेम्सियामी (51′) ने गोल किया, जबकि कनाडा के लिए ब्रायन स्टेयर्स (23′) और […]