विदेश

यूक्रेन के बढ़ते हमलों के बीच चौकन्ना हुआ रूस, मॉस्को की तरफ आते दो ड्रोन मार गिराए

मॉस्को। रूस और यूक्रेन युद्ध को डेढ़ साल से ज्यादा होने के बावजूद अब तक इस संघर्ष का कोई नतीजा नहीं निकला है। खासकर युद्धक्षेत्र में भारी नुकसान के बावजूद दोनों देश पूरी ताकत लगा रहे हैं। रूस की ओर से यूक्रेन की जमीन-बंदरगाह कब्जाए जाने के बाद कीव की ओर से भी रूस में घुसकर हमले करने की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें क्रीमिया और मॉस्को जैसे रूस के अहम केंद्रों पर यूक्रेनी ड्रोन से कथित हमले भी शामिल हैं। इस बीच इन हमलों को देखते हुए रूस की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बताया गया है कि रूस ने सोमवार को मॉस्को की तरफ आ रहे दो ड्रोन्स मार गिराए।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने खुद दावा किया है कि दो ड्रोन्स यूक्रेन की तरफ से मॉस्को में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान शहर के बाहर लगे मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने उन्हें मार गिराया। उन्होंने अपने टेलीग्राम चैनल पर बताया कि एक ड्रोन डोमोदेदोवो इलाके में गिरा, जबकि दूसरा ड्रोन मिंस्कोए हाईवे के करीब गिरकर ध्वस्त हो गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस घटना के कुछ देर बाद ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर ड्रोन्स के मॉस्को में घुसने की कोशिश असफल किए जाने की जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय ने इसे यूक्रेन की ओर से अंजाम दी जा रही आतंकी घटना करार दिया।


रूस पर आक्रामक है यूक्रेन
एक दिन पहले ही यूक्रेन ने रूस के एक मुखबिर को गिरासत में लिया था। दावा था कि यह मुखबिर यूक्रेन पर हवाई हमले की फिराक में था। विदेशी मीडिया के मुताबिक, यूक्रेनी सुरक्षा सेवा (एसबीयू) ने बताया कि सोमवार को एक रूसी मुखबिर को हिरासत में लिया गया है। आरोपी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की की मायकोलाइव क्षेत्र की यात्रा के दौरान हवाई हमले की फिराक में थी। कथित मुखबिर यूक्रेनी राष्ट्रपति की यात्रा से पहले खुफिया जानकारी इकट्ठा कर रही था। महिला यात्रा के सभी मार्गों और इलाकों का दौरा कर वहां की जानकारी इकट्ठा कर रही थी।

यूक्रेन की एसबीयू का कहना है कि वह दक्षिणी यूक्रेन के ओचकोव शहर में रहती थी। वह एक सैन्य स्टोर में सेल्सवुमन का काम भी कर चुकी है। महिला ने राष्ट्रपति द्वारा यात्रा करने वाले क्षेत्र की वीडियोग्राफी भी की थी। एसबीयू एजेंट्स को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने हमले को विफल कर दिया था।

रूस पर लगातार हो रहे ड्रोन हमले
हाल ही में, यूक्रेन ने रूस पर ड्रोन हमला कर दिया। हमले में यूक्रेन ने रूस के सबसे बड़े टैंकरों में से एक को निशाना बनाया था। यूक्रेनी सुरक्षा सेवा के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि 450 किलो टीएनटी से लैस ड्रोन ने रूसी झंडे वाले सिग जहाज पर हमला किया। यूक्रेन ने दावा किया था कि टैंकर रूसी सेना के लिए ईंधन ले जा रहा था और जहाज के कुछ लोग घायल हुए हैं। हालांकि, रूसी समुद्री-नदी परिवहन एजेंसी का कहना है कि हमले के कारण किसी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची है। हमले के दौरान सिग तेल का परिवहन नहीं कर रहा था।

Share:

Next Post

मेवात हिंसा में 300 परिवारों के पलायन का मामला पहुंचा हाईकोर्ट

Wed Aug 9 , 2023
चंडीगढ़ (Chandigarh)। मेवात हिंसा (mewat violence) में जातीय संहार जैसी कोर्ट की टिप्पणी के बाद अब समुदाय विशेष के 300 से अधिक परिवारों के पलायन का मामला पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट (Case Punjab-Haryana High Court) पहुंच गया है। जिला परिषद सदस्य याहुदा मोहम्मद (yahuda mohammed) ने एडवोकेट मोहम्मद अरशद के माध्यम से अर्जी दाखिल कर इस मामले […]