देश राजनीति

सिमट रही कांग्रेस राजस्थान को साख बचाने के लिए कर रही इस्तेमाल : पूनियां

जयपुर। जयपुर में कांग्रेस के धरने-प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि देशभर में कांग्रेस सिमटती जा रही है, सत्ता का दुरुपयोग कर कांग्रेस राजस्थान को साख बचाने के लिए इस्तेमाल कर रही है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि कांग्रेस का धरना प्रदर्शन सियासी पाखंड के अलावा कुछ नहीं है। उनके नेताओं के भाषणों से यह स्पष्ट होता है कि उनकी जाती हुई सत्ता की हताशा उनके चेहरों पर दिखती है, हरे की जगह लाल कालीन बिछाकर अपने जाते हुए वैभव को दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि कभी हम लाल कालीन पर चलते थे।

उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत की जादूगरी फेल हो गई है। गहलोत राजस्थान में कांग्रेस को सही दिशा में ले जा रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि उन्हें हमेशा विपक्ष में ही रहना है ऐसे में कांग्रेसियों को विपक्ष में रहने की आदत डाल लेनी चाहिए। डॉ. पूनियां ने कहा कि कांग्रेस एवं गहलोत सरकार को खुद के गिरेबान में झांकना चाहिए, कांग्रेस को किसानों की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। 50 सालों तक उन्हें राज करने का मौका मिला, पर इन्होंने किसानों और जवानों का कोई भला नहीं किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों ने किसानों के हित में हमेशा कल्याणकारी कार्य किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम सम्मान किसान निधि योजना लागू की, जिससे किसानों को बड़ा संबल मिल रहा है। कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व, आलाकमान सुविधा की राजनीति करता है, ट्विटर और दिखावे की राजनीति करता है। राहुल गांधी की खुद के दल के प्रति, देश के प्रति कोई आस्था और आसक्ति नहीं है और उन्होंने किसानों को लेकर जो बातें कहीं हैं वह सिर्फ अवसर ढूंढ रहे थे अराजकता फैलाने का। डॉ. पूनियां ने कहा कि जातिवाद, भ्रष्टाचार और अवसरवाद की राजनीति करने वाली कांग्रेस का अब सत्ता में आने का सपना मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा होगा, जो कभी पूरा नहीं होगा।

उन्होंने अशोक गहलोत द्वारा पीएम सम्मान किसान निधि को लेकर दिए गए बयान को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि गहलोत को पचता नहीं कि पीएम सम्मान किसान निधि ना केवल भारत की बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट ट्रांसफर बेनिफिट स्कीम बन गई है, जिसमें 11 करोड़ किसानों को 1.15 लाख करोड़ का ट्रांसफर हुआ है और यह पूरा पैसा सीधे किसानों के खाते में जाता है। राज्य की कांग्रेस सरकार ने बहुत दिनों तक पीएम सम्मान किसान निधि के लिए प्रदेश के किसानों की सूची ही अपलोड नहीं की थी। मुख्यमंत्री गहलोत के पेट में दर्द यह है कि यह पैसा सीधे किसानों के खाते में जा रहा है, किसानों को संबल मिल रहा है और मोदी जी की लोकप्रियता बढ़ रही है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

विपक्ष के उकसावे वाले किसान नेता लड रहे बिचौलियों के हित की लडा़ई : सुशील मोदी

Sat Jan 16 , 2021
पटना। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार से किसानों की वार्ता फिर विफल होना दुर्भाग्यपूर्ण है। विपक्ष के उकसावे वाले किसान नेता बिचौलियों के हित की लडा़ई लड रहे हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली को जाम कर 2 करोड़ लोगों के मौलिक अधिकारों को […]