img-fluid

पन्नों पर छपी वो आग…जो आधी सदी से बुझी नहीं

May 23, 2026

  • अग्निबाण परिवार भी गदगद है 50वें वर्ष प्रवेश से… खबरों की कलम चलाने वालों ने चलाई विचारों की कलम…

अखबार निकालना आसान है, मगर अखबार चलाना मुश्किल है और अखबार को लोगों के विश्वास में बदल देना, सबसे कठिन काम है। बाजार में हर दिन अखबारों के नए नाम आते हैं, चमकते हैं और फिर समय की धूल में कहीं खो जाते हैं। मगर कुछ नाम ऐसे होते हैं, जो सिर्फ खबरें नहीं छापते, वे अपनी पहचान समाज की चेतना में दर्ज करते हैं। ऐसा ही नाम है अग्निबाण…

आज अग्निबाण अपने 49 वर्षों का सफर पूरा कर 50वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। यह सिर्फ एक वर्षगांठ नहीं, बल्कि एक ऐसे सफर का पड़ाव है, जिसमें संघर्ष भी है, साहस भी है, जिम्मेदारी भी है और जनता के प्रति जवाबदेही भी। जब अग्निबाण ने अपनी यात्रा शुरू की थी, तब न मोबाइल थे, न सोशल मीडिया और न ही खबरों की बाढ़ थी। उस समय खबरें खोजी जाती थीं, बनाई नहीं जाती थीं। पत्रकार सडक़ों पर उतरता था, धूल खाता था, लोगों की पीड़ा सुनता था और फिर खबर लिखता था। आज के दौर में खबरें उंगलियों पर दौड़ रही हैं, लेकिन तब खबरें पैरों से चलकर आती थीं। अग्निबाण ने उसी दौर में एक नई सोच पैदा की। अग्निबाण ने लोगों को यह एहसास कराया कि खबर सिर्फ सुबह नहीं आती, समाज की धडक़नें शाम को भी चलती हैं। उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि शाम का अखबार लोगों की आदत बन जाएगा। मगर धीरे-धीरे यह आदत विश्वास में बदल गई।


  • समय बदला, तकनीक बदली और पत्रकारिता का चेहरा भी बदला। आज हर हाथ में मोबाइल है और हर व्यक्ति अपने आपको पत्रकार समझ बैठा है। सोशल मीडिया के इस युग में खबरें पहले वायरल होती हैं और बाद में उनकी सच्चाई खोजी जाती है। अफवाहें सच से तेज दौड़ रही हैं और सनसनी ने कई जगह पत्रकारिता की जगह ले ली है, लेकिन इन सबके बीच आज भी लाखों लोग रोज अग्निबाण अखबार के पन्ने पलटते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि यहां खबरों के पीछे जिम्मेदारी खड़ी है। यहां शब्द सिर्फ लिखे नहीं जाते, उन्हें परखा भी जाता है। अग्निबाण की सबसे बड़ी ताकत उसकी मशीनें नहीं रहीं, उसका सबसे बड़ा आधार पाठकों का विश्वास रहा है। यही विश्वास उसे 50वें वर्ष तक लेकर आया है। इस यात्रा में पत्रकारों की कलम ने जितना योगदान दिया, उतना ही योगदान उन हॉकरों का भी है, जिन्होंने बारिश, धूप और ठंड की परवाह किए बिना हर शाम लोगों के दरवाजों तक खबरें पहुंचाईं। पाठकों ने उसे अपनाया, समाज ने उसे सम्मान दिया और समय ने उसे पहचान दी। आज जब अग्निबाण स्वर्णिम सफर की ओर बढ़ रहा है, तब यह केवल एक अखबार की सफलता नहीं है, बल्कि यह उस पत्रकारिता की जीत है, जो बिकने से ज्यादा सच पर विश्वास करती है, क्योंकि अग्निबाण नाम नहीं है। यह पन्नों पर छपी वह आग है, जो आधी सदी से जल रही है, जिसकी चमक समय के साथ और निखर रही है… – राजेन्द्र श्रीवास, महू

    Share:

  • रिकॉर्डों के बादशाह बने विराट कोहली, T20 क्रिकेट में साझेदारी के नए विश्व शिखर पर पहुंचे

    Sat May 23 , 2026
    नई दिल्ली। आईपीएल (Indian Premier League) 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो पाए, लेकिन इस मैच ने उनके नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर दी। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में कोहली केवल […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved