
- स्कूल 16 जून से खुल जाएँगे
उज्जैन। सरकारी विभागों में एक जून से कर्मचारियों के तबादलों का सिलसिला प्रारंभ हो गया है, लेकिन शिक्षकों को लेकर असमंजस बना हुआ है। 16 जून से स्कूल खुलने जा रहे हैं, लेकिन अभी तक ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ नहीं हुआ है। अभी तक रिक्त पद और सेवानिवृत्त शिक्षकों की सूची जिलों से मांगी गई है। अभी तक पोर्टल अपडेट नहीं हो पाया है जबकि, दावा किया गया था कि अप्रैल-मई में ही तबादले की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद शिक्षकों के तबादले होते हैं। इससे शैक्षणिक कार्य प्रभावित होता है। शिक्षक पढ़ाने के स्थान पर तबादले के जुगाड़ में लगे रहते हैं। इसे देखते हुए तय किया गया था कि ग्रीष्म अवकाश के बाद स्कूल खुलते ही स्कूलों में शिक्षकों की कमी न रहे और बीच सत्र में तबादलों से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित ना हो, इसलिए पहले ही तबादला प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी ताकि पारदर्शिता रहे, लेकिन ये दावे दावे ही रहे। अभी तक तबादलों को लेकर प्रक्रिया ही तय नहीं हो पाई। प्रतिबंध कब से हटाया जाना है और कितने तबादले होंगे, यह भी निर्धारित नहीं है। जबकि, यह पहले से तय है कि जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों का तबादला नहीं होना है। उसके लिए केंद्र सरकार का आदेश पहले से मौजूद है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शिक्षा पोर्टल पर रिक्त पदों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके आधार पर शिक्षक अपना आवेदन करेंगे। गुण-दोष के आधार पर परीक्षण कर निर्णय लिया जाएगा।