जबलपुर न्यूज़ (Jabalpur News) मध्‍यप्रदेश राजनीति

जनजातीय समुदाय ने किया भारतीय संस्कृति को बचाने का कार्यः विष्णुदत्त शर्मा

 जबलपुर। भारतीय संस्कृति (Indian culture) बचाने और सहेजने का कार्य अनुसूचित जनजति समुदाय ने किया है। मैं सौभाग्यशाली हूँ कि मुझे आदिवासी समुदाय के बीच लंबे समय तक कार्य करने का अवसर मिला है और भगवान बिरसा मुंडा (Lord Birsa Munda) की जन्मस्थली को भी नमन करने का अवसर भी मुझे मिला है। जनजति वर्ग में ऐसे-ऐसे वीर सपूत हुए हैं, जिन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किसी भी तरह का समझौता नहीं किया और अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने जबलपुर में आयोजित अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक गुरुवार को जबलपुर के संस्कार रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक, मोर्चो उपस्थित थे। बैठक को केंद्रीय मंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री समीर उरांव, सांसद श्री दुर्गा दास उइके, प्रदेश महामंत्री एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश प्रभारी श्री हरिशंकर खटीक, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री कल सिंह भांबर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पालक श्री चुन्नी लाल गरासिया, सांसद श्री सुमेर सिंह सोलंकी उपस्थित थे।

जबलपुर की बलिदानी भूमि पर मोर्चा की बैठक गौरव की बात

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि एसटी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ऐसी पुण्य भूमि पर हो रही है जहाँ वीरांगना रानी दुर्गावती ने मुगलों से लोहा लिया था। आदिवासी जननायक राजा शंकर शाह, कुँवर रघुनाथ शाह ने अंग्रेजों के साथ मुकाबला किया था, जिनका आगामी 18 सितंबर को बलिदान दिवस भी है। जबलपुर की ऐसी भूमि पर मोर्चा के कार्यक्रम आयोजित होना गौरव की बात है। श्री शर्मा ने कहा हम सबने तय किया हैं कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के दिन को हम गौरव दिवस की रूप में मनाएंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार को पार्टी संगठन की ओर से धन्यवाद देना चाहता हूँ कि उस दिन शासकीय अवकाश घोषित किया गया है।


पार्टी के प्रवक्ता के रूप में काम करें मोर्चा कार्यकर्ता

 श्री शर्मा ने कहा एसटी मोर्चा के कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर पार्टी के प्रवक्ता की भूमिका निभानी होगी और यह बताना होगा कि 55 सालों तक जिन्होंने शासन किया, उन्होंने जनजति वर्ग का सिर्फ शोषण किया है। देश मे जनजति समुदाय के साथ छलावा होता रहा। कांग्रेस ने फूट डालने और राज करने की नीति पर कार्य किया और इस वर्ग को समाज की मुख्यधारा में आगे नहीं आने दिया। जैसे ही देश में और प्रदेश में भाजपा की सरकारें बनी आदिवासियों के हित में न सिर्फ योजनाएं बनीं अपितु धरातल पर उनका क्रियान्वयन भी हुआ है। उन्होंने कहा कि देश मे पहली बार स्व. अटल जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद जनजति मंत्रालय का गठन हुआ और आदिवासियों के कल्याण के लिए योजनाएं बनीं।

सिर्फ बातें करती रही कांग्रेस, भाजपा की सरकारों ने किया काम

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का सिर्फ नारा दिया पर गरीबों के जीवन स्तर को उठाने की दिशा में कोई काम नहीं किया। दूसरी तरफ जब देश और प्रदेश में हमारी सरकारें बनीं तो हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का न सिर्फ नारा दिया, बल्कि उसे धरातल पर उतारा भी है। जब स्व. अटलजी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी थी, तब तय किया गया था कि बिजली, पानी और आवास जैसी जो मूलभूत आवश्यकताएं हैं, उन्हें हर नागरिक को उपलब्ध कराया जाएगा। आज मोदी जी के नेतृत्व में यह साकार हो रहा है। हमारी सरकार ने आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना जैसी अनेकों महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कर हर वर्ग को राहत देने का कार्य किया है। श्री शर्मा ने कहा हम सभी आज की इस बैठक में संकल्प लें कि प्रदेश के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भाजपा का परचम लहराएंगे और बूथ बूथ तक संगठन का विस्तार करेंगे।

अपनी ताकत को पहचाने अनुसूचित जनजाति मोर्चाः फग्गनसिंह कुलस्ते

  बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने कहा कि जनजाति मोर्चा अपनी ताकत को पहचाने तथा पूरी लगन और मेहनत से संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 47 सीटे आदिवासी बहुल हैं और लगभग 52 से 55 सीटों पर आदिवासी निर्णायक भूमिका में हैं। इन सभी जगहों पर मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संगठन का विस्तार बूथ स्तर तक करना है क्योंकि आप सभी की मेहनत का ही परिणाम है कि प्रदेश और देश मे भाजपा का परचम लहरा रहा है। हमने उन सीटों पर भी विजय प्राप्त की है जो पहले हमारे पास नहीं थी। आगे आपको इससे भी अधिक मेहनत करनी है और समाज को जोड़ते हुए संगठन के कार्य को आगे ले जाना है।

अंत्योदय के संकल्प को लेकर जनजातीय समाज को जोड़ने में जुटे मोर्चा : उरांव

 जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री समीर उरांव ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतें जनजातीय समाज के भीतर षडयंत्र रचकर हमारी पुरातन विरासत को ध्वस्त करने का प्रयास कर रही हैं, जिससे समाज में विघटन का खतरा पैदा हो रहा है। यही ताकतें जनजातीय वर्ग को मुख्य धारा से अलग करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ विंध्वसकारी तत्व राजनैतिक दुर्भावनावश अपने अस्तित्व पर खडे हो रहे संकट को देखते हुए और भाजपा सरकार के विकास के संकल्प को बढते हुए देखकर परेशान हैं। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर जनजातीय मोर्चा के कार्यकर्ताओं को मुंहतोड़ जवाब देना है। उन्होंने कहा कि जनजातीय वर्ग के समग्र उत्थान के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन के साथ हम अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करते हुए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास अर्जित करते हुए जनजातीय समाज को जोड़ने में सफल होंगे।

Share:

Next Post

राजा शंकरशाह, रघुनाथ शाह जैसे वीरों के बलिदान से ही हम आजाद हैंः विष्णुदत्त शर्मा

Thu Sep 16 , 2021
जबलपुर। जबलपुर (Jabalpur) और मप्र ही नही पूरे देश का गौरव रहे आदिवासी जननायक राजा शंकरशाह (Adivasi Jannayak Raja Shankarshah) एवं कुंवर रघुनाथ शाह (Kunwar Raghunath Shah) ने जिस तरह से अंग्रेजी हुकूमत के सामने वीरता की मिसाल देते हुए,  अपने स्वाभिमान से समझौता न करते हुए अपना बलिदान दिया, वह अनुकरणीय है। ऐसे वीरों […]