इंदौर न्यूज़ (Indore News)

वीजा के लिए महीनों का इंतजार…विदेश जाने वाले पर्यटक परेशान

कई पर्यटकों को वीजा की देरी के कारण कैंसल करवाना पड़ रहा अपना टूर

यूएस वीजा के लिए 2023 के अपाइंटमेंट

शेनजेन देशों के लिए भी दिसंबर तक इंतजार

इंदौर, विकाससिंह राठौर। कोरोना से थोड़ी राहत के बाद दुनिया के ज्यादातर देशों ने पर्यटकों के लिए अपने बंद दरवाजे फिर खोल दिए हैं, लेकिन इन देशों में जाने के लिए जरूरी वीजा मिल पाना अब सबसे ज्यादा बड़ी चुनौती बन चुका है। यूएस ने अब तक नए वीजा देना शुरू नहीं किए हैं। इसके आवेदन के लिए जरूरी बायोमैट्रिक के लिए भी अगले साल का समय दिया जा रहा है, वहीं यूरोपीय देशों के लिए दिसंबर तक और यूके वीजा के लिए भी डेढ़ से दो माह का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में कई टूरिस्ट ऐसे भी हैं, जिन्होंने वीजा मिलने की उम्मीद में टूर प्लान कर लिया था और अब उन्हें इसे कैंसल करवाना पड़ रहा है।


यूके की डेढ़ से दो माह की वेटिंग

दो साल कोरोनाकाल में ज्यादातर देशों ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों पर रोक लगा रखी थी। अब ज्यादातर देशों ने पर्यटकों पर लगी रोक तो हटा दी है, लेकिन यूएस, यूके और यूरोपियन देशों में जाने के लिए अब वीजा मिलने में दिक्कतें आ रही हैं। ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि कोरोनाकाल में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन लगभग बंद हो गया था। अब यह खुला है तो लोग बड़ी संख्या में जाना चाह रहे हैं, लेकिन यूएस ने कोरोना के बाद से अब तक नए वीजा देना शुरू नहीं किया है। जिनके पास पहले के वीजा हंै, सिर्फ वे ही जा पा रहे हैं। नए वीजा के लिए यूएस ने बायोमैट्रिक अपाइंटमेंट देना शुरू किए हैं, लेकिन उसके लिए भी 2023 की तारीखें मिल रही हैं। उसके बाद भी यह तय नहीं है कि इंटरव्यू कब होगा और कब वीजा मिलेगा।

यूरोपीय देशों के वीजा के लिए तीन माह का इंतजार

ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन के सदस्य अमोल कटारिया ने बताया कि यूरोपीय देशों के लिए शेनजेन वीजा मिलता है, जो यूरोप के 26 देशों में मान्य होता है, लेकिन इसके लिए भी यात्री को जिस देश में वो सबसे ज्यादा समय रुकने वाला है, वहां के लिए ही वीजा लेना पड़ता है। अगर यात्री दो देशों में समान दिन रुकने वाला है तो वह पहले जिस देश में जा रहा है, वहां का वीजा लेना पड़ता है। अभी शेनजेन वीजा के लिए 15 नवंबर और उसके बाद के अपाइंटमेंट मिल रहे हैं। यहां पर्यटकों की सबसे ज्यादा मांग है, लेकिन वीजा में देरी से पर्यटक परेशान हैं। यहां के लिए प्रायोरिटी या सुपर प्रायोरिटी जैसी भी कोई सुविधा नहीं है, जिससे वीजा जल्दी मिल सके।

यूके जाने के लिए 1 लाख तक ज्यादा चुकाने पड़ रहे

जादौन ने बताया कि यूके का वीजा जल्दी पाने के लिए यूके की ओर से प्रायोरिटी और सुपर प्रायोरिटी सुविधा दी जाती है। यहां सामान्य वीजा की फीस करीब 10 हजार रुपए लगती है, लेकिन इसमें डेढ़ से दो माह का समय लग रहा है, वहीं प्रायोरिटी वीजा के लिए पर्यटकों को 24 हजार रुपए अतिरिक्त देना पड़ते हैं और इसमें 7 से 10 दिन का समय लगता है, वहीं सुपर प्रायोरिटी में करीब 1 लाख अतिरिक्त देना पड़ते हैं और इसमें दो से तीन दिन का समय लगता है। इसके बाद भी संबंधित एम्बेसी चाहे तो किसी आधार पर आपके वीजा आवेदन को रिजेक्ट भी कर सकती है। जिन लोगों ने पहले से प्लान बना लिए हैं, अब वीजा ना मिल पाने के कारण उन्हें मजबूरन प्रायोरिटी या सुपर प्रायोरिटी के माध्यम से ज्यादा पैसे चुकाकर वीजा लेना पड़ रहा है।

Share:

Next Post

शहर में अब तक पिछले साल से 247 प्रतिशत ज्यादा बारिश

Sun Aug 14 , 2022
विमानतल स्थित मौसम केंद्र पर अब तक हुई 32 इंच बारिश आज भी दिन में खुला रहेगा मौसम, शाम को हल्की बारिश की संभावना, कल से अगले कुछ दिन फिर अच्छी बारिश के आसार इंदौर। बारिश के मामले में इस साल शहर पिछले साल से करीब ढाई गुना आगे चल रहा है। पिछले साल की […]