इंदौर न्यूज़ (Indore News) बड़ी खबर

जिस प्रदेश में हर दिन 17 महिलाओं के साथ बलात्कार होता हो वहां लाड़ली बहना योजना का क्या मतलब है- प्रियंका गांधी

  • सत्तू पटेल के लिए आंधी बनकर उतरीं प्रियंका गांधी
  • प्रियंका बोलीं- नेता ऐसे होते हैं कि हवा में उडऩे लग जाते हैं

इंदौर। सत्तू पटेल के क्षेत्र में कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी जमकर बरसीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में हर दिन 17 महिलाओं के साथ बलात्कार होता हो, वहां पर लाड़ली बहना योजना का क्या मतलब है? कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में जो वचन पत्र जारी किया है, उसके लिए प्रतिबद्ध है।

रोबोट चौराहे के पास सत्यनारायण पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, सरकारी नौकरी में रिक्त पड़े पद और मध्यप्रदेश के घोटाले के मुद्दे पर बिफरीं और कहा कि महंगाई अत्यधिक बढ़ते जा रही है। अब जब चुनाव करीब आने लगे हैं, तब अचानक गैस की टंकी के भाव में कमी की गई है।

कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में यह वादा किया है कि नागरिकों को 500 में गैस का सिलेंडर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इंदौर के साथ मेरा भावनात्मक रिश्ता है। जब गांधीजी द्वारा करो या मरो आंदोलन शुरू किया गया था, इंदौर के स्वतंत्रता सेनानी श्याम कुमार आजाद, नागेंद्र कुमार आजाद, आनंद मोहन माथुर आदि ने इस आंदोलन में बहुत बढ़-चढक़र हिस्सा लिया था।

बड़ी साफगोई से स्वीकारा…हम भी इसी तरह के नेता हैं, इसलिए अपनी जवाबदारी समझो
ऐसे बहुत कम नेता होते हैं, जो अपनी गलतियां स्वीकारते हैं या फिर अपने गिरेबां में झांककर उसे स्वीकार भी करते हैं। कल प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इसका उदाहरण दिया। उन्होंने अपने भाषण में भाजपा पर खूब हमले किए। हालांकि उन्होंने हमलों की शुरुआत में सॉफ्ट कार्नर अपनाया, लेकिन यह भी कह डाला कि अब तो शिवराज सरकार के घोटालों की लिस्ट इतनी लंबी हो गई है कि मैंने उस पर बोलना ही बंद कर दिया है। प्रियंका ने कहा कि ये नेता चीज ही ऐसी होती हैं। इनको छूट दे दें तो ये हवा में उडऩे लगे जाते हैं। ऐसा नहीं है कि हम भी वैसे ही हैं, हम भी इसी तरह के हैं, लेकिन आपको हमें और उनको टाइट रखना होगा, सवाल पूछना होंगे। इसलिए इस बार वोट किसको करना है, ये भी समझना होगा।


तीन साल में 21 बेरोजगारों को नौकरी
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 3 साल में केवल 21 बेरोजगार युवाओं को सरकार ने नौकरी दिलाई है। हजारों सरकारी पद खाली पड़े हुए हैं। उन पर सरकार द्वारा कोई भर्ती नहीं की जा रही है।

गिनती के उद्योगपति आगे बढ़े
उन्होंने सभा में मौजूद जनता से यह सवाल किया कि 18 सालों में सरकार की नीतियों से क्या लाभ हुआ? देश के गिनती के उद्योगपति आगे बढ़ रहे हैं। गांवों में बहुत गरीबी है। मप्र में गांवों से पलायन हो रहा है।

पेंशन के पैसे नहीं और अडानी का कर्जा माफ
सरकार हजारों करोड़ रुपए अडानी के माफ कर सकती है, लेकिन पुरानी पेंशन के लिए पैसे नहीं है। नोटबन्दी का नुकसान छोटे-छोटे लोगों को हुआ, किसी उद्योगपति को नहीं हुआ। जिस प्रदेश में रोज 17 महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहे हों, वहां लाड़ली लक्ष्मी योजना का क्या मतलब है? कांग्रेस प्रत्याशी सत्यनारायण पटेल ने कहा कि क्षेत्र की जनता को उनकी समस्याओं से मुक्ति नहीं मिल सकी है। अवैध कॉलोनियों में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। सभा को शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने भी संबोधित किया। सभा में रणदीप सिंह सुरजेवाला, सुरेश पचौरी, शोभा ओझा भी प्रमुख रूप से मौजूद थे।

Share:

Next Post

पहला ट्रांसप्लांट सफल होने के बाद किडनी के मरीजों का सरकारी अस्पताल पर भरोसा बढ़ा

Tue Nov 7 , 2023
सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अब 3 नए मरीज किडनी ट्रांसप्लांट के इंतजार में तीनों मरीजों को उनके माता, पिता और पत्नी देगी किडनी इंदौर। शहर में पहली बार सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांटेशन सफल होने से यहां के नेफ्रोलॉजिस्ट, सर्जन, डॉक्टर्स सहित नर्सिंग स्टाफ के अलावा एनेस्थिया और यूरोलॉजिस्ट की संयुक्त टीम किडनी के […]