कोलकाता। करीब एक महीने की खामोशी के बाद सायोनी घोष (Saayoni Ghosh) एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सक्रिय नजर आई हैं। 8 जून के बाद पहली बार उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट कर दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची की हत्या (Murder of the girl child) के मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सायोनी घोष ने अपने संदेश में कहा कि बारुईपुर के सुरजापुर इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई यह घटना बेहद दर्दनाक और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी हैं और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बातचीत का दावा
घोष ने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से इस मामले पर बातचीत की है। उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मामले की व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है, विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जा चुका है और पीड़ित परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
सायोनी घोष ने कहा कि वह बारुईपुर की सांसद होने के नाते इस पूरे मामले को लिखित रूप में भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
घोष ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में भीड़तंत्र की कोई जगह नहीं हो सकती। कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि वह बारुईपुर के पुलिस अधीक्षक के लगातार संपर्क में हैं और न्याय दिलाने की दिशा में प्रयास जारी रखेंगी।
क्या है पूरा मामला
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर क्षेत्र में लापता हुई 11 वर्षीय बच्ची का शव रविवार को सूर्यपुर हाट इलाके में एक बोरी के भीतर मिला था। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने बारुईपुर-जयनगर मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी, टायर जलाए और कुछ पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
इसी दौरान बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। प्रेसिडेंसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कांकर प्रसाद बरुई ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गुस्साई भीड़ ने हत्या के आरोपी समझे जा रहे एक व्यक्ति की जान ले ली। पुलिस ने बच्ची की हत्या के मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved