इंदौर न्यूज़ (Indore News)

चंदननगर और गांधीनगर में कुख्यात गुंडों के 4 मकान ढहाए

  • आज से फिर गुंडों के मकान तोडऩे का अभियान शुरू
  • गांधीनगर में कार्रवाई के दौरान महिलाओं का हंगामा, कहा- मकान गुंडे का नहीं हमारा है
  • चंदननगर में गुंडे असलम मोटा के घर का सामान बाहर पटका और चंद मिनटों में ढहा दिया पूरा घर
  • सहयोग नगर में भी संजू कान्हा का डेढ़ हजार स्क्वेयर फीट पर बन रहा मकान ढहाया

इन्दौर। आज सुबह-सुबह फिर नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई गुंडों के मकान तोडऩे के लिए शुरू की गई। सबसे पहले चंदननगर में खजूर वाली मस्जिद के पास बने कुख्यात गुंडे असलम मोटा के घर को ढहाने के पूर्व घर में रखा सामान बाहर निकालकर निगम की टीम ने पूरा मकान नेस्तनाबूद कर दिया। इसी क्षेत्र में सहयोग नगर इलाके में कई अपराधों वाले गुंडे संजू कान्हा के निर्माणाधीन मकान को भी ढहाने का काम शुरू किया गया। यह मकान अभी बन ही रहा था कि निगम ने ढहा दिया। इसके अलावा गांधीनगर में राजकुमार खटीक के दो मकान ढहाने के दौरान महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। महिलाओं का कहना था कि यह मकान राजकुमार का नहीं उनका है। अब उनका परिवार कहां रहेगा। सुबह सात बजे से निगम की टीमों ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। दो से तीन घंटे में पूरा अभियान खत्म कर दिया।

पिछले दो-तीन दिनों से बंद पड़ी निगम, प्रशासन और पुलिस की गुंडों के खिलाफ कार्रवाई की मुहिम आज से शुरू की गई। सुबह छह बजे चंदननगर थाने पर निगम और पुलिस का अमला जमा हो गया था। उसके बाद वहां से रिमूव्हल अमला चंदननगर-सिरपुर के समीप खजूर वाली दरगाह क्षेत्र में पहुंचा। वहां अपराधी असलम मोटा का 12 बाय 50 का मकान तोडऩे की कार्रवाई शुरू की गई। मकान का सामान बाहर निकालकर निगम की टीमों ने कार्रवाई शुरू की।

नाले किनारे गुंडे ने अपने रसूख से बना लिया था मकान
पुलिस अधिकारियों के मुुताबिक चंदननगर और कई अन्य थानों में असलम मोटा पर 23 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और इनमें कई मामले गंभीर अपराधों के हैं, जिसके चलते पुलिस ने उसका नाम सूची में शामिल किया था। निगम अधिकारियों के मुताबिक नाले किनारे की जमीन पर असलम मोटा ने अवैध रूप से पक्का मकान तान लिया था। हालांकि मकान खाली करने के दौरान परिवार की महिलाएं बहस करती रहीं, लेकिन अधिकारियों ने मकान खाली कराने के दौरान एक नहीं सुनी और मकान खाली कराने के बाद जेसीबी से कुछ ही मिनटों में पूरा मकान ध्वस्त कर दिया।

गुंडे का बन रहा था नया मकान, पुलिस ने कर दिया उद्घाटन
चंदननगर के समीप सहयोग नगर में गुंडे संजू कान्हा का डेढ़ हजार स्क्वेयर फीट में नया मकान बनाने का काम चल रहा था। आज सुबह जब पुलिस की टीम वहां पहुंची तो परिजनों सहित आसपास के लोग हक्का-बक्का रह गए और कुछ ही मिनटों में वहां से सामान हटाने के बाद मकान को तोडऩा शुरू कर दिया गया। निगम अधिकारियों के मुताबिक यह मकान बिना नक्शा स्वीकृत कराए बनाया जा रहा था और इसका कुल क्षेत्रफल डेढ़ हजार स्क्वेयर फीट है। मकान की पहली मंजिल का काम चल ही रहा था कि आज सुबह निगम की टीम ने वहां धावा बोल दिया और पूरा मकान ध्वस्त कर दिया। आसपास के अन्य संकरे मकान से भी रहवासियों को हटा दिया गया था, ताकि वहां किसी प्रकार की कोई दुर्घटना न हो। उक्त मकान पर कार्रवाई के दौरान परिजनों ने किसी प्रकार का हंगामा नहीं किया और निगम की टीम कुछ ही मिनटों में कार्रवाई पूरी कर रवाना हो गई।

गांधीनगर में कुख्यात गुंडे का मकान तोडऩे से पहले परिवार की महिलाओं ने किया हंगामा
आज सुबह निगम की एक और टीम गांधीनगर में कुख्यात गुंडे राजकुमार खटीक के दो मकान तोडऩे पहुंची। जब मकान पर निगम की टीम पहुंची तो महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया और हंगामा करने लगीं। महिलाओं का कहना था कि यह मकान राजकुमार का नहीं है, यह उनकी सम्पत्ति है। इसको लेकर काफी देर तक महिलाएं हंगामा करती रहीं। बाद में निगम की महिला टीम और महिला पुलिस की मदद से हंगामा कर रही महिलाओं को एक ओर किया गया, तब जाकर कार्रवाई पूरी हो सकी।

गांधीनगर में बना रखे थे दो छोटे मकान, निगम की टीम ने ढहाए
नगर निगम के अपर आयुक्त देवेंद्रसिंह के मुताबिक आज तीन गुंडों के चार मकानों को तोडऩे की कार्रवाई की गई। इनमें राजकुमार खटीक के गांधीनगर में दो मकान भी शामिल हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर बनाए गए थे। मकान निर्माण के लिए निगम से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। दोनों मकान के हिस्से कुछ ही मिनटों में जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिए गए।

सही पता नहीं मिलने के कारण निगम के अधिकारी चंदननगर की गलियां घूमते रहे
आज सुबह चंदननगर थाने से निगम की टीमें पुलिस बल के साथ रिमूव्हल कार्रवाई के लिए रवाना हुईं, पर कई जगह रास्ता भटक गईं। इसके चलते निगम की पीली जीपों में सवार अधिकारी चंदननगर की गली-गली घूमते हुए जैसे-तैसे गुंडों के मकान तक पहुंचे। निगम अधिकारियों के मुताबिक आज तीन गुंडों के यहां पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई। एक-दो दिनों में कुछ और बड़े गुंडों के मकान तोडऩे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

Share:

Next Post

इंदौर की कुछ होटलों को भी बनाएंगे कोरोना कोविड सेंटर

Thu Nov 26 , 2020
निजी अस्पतालों में 700 बेड तो बढ़वाए, वहीं नजदीकी होटलों में भी 400 बेड की व्यवस्था जरूरत पडऩे पर रहेगी इन्दौर। शहर के सभी निजी अस्पतालों में बैड लगभग भर चुके हैं, जिसके चलते 700 बैड की और व्यवस्था करवाई जा रही है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि निजी […]