विदेश

रूस और ईरान के बीच हुआ 40 अरब डॉलर का सौदा, ईरानी नेता ने नाटो को ठहराया यूक्रेन युद्ध का दोषी

मॉस्को/तेहरान । रूस यूक्रेन युद्ध (russia ukraine war) को पांच माह हो चुके हैं लेकिन बुधवार को भी रूसी सेना (Russian army) ने यूक्रेन के दोनबास क्षेत्र (donbass area) में बमबारी (bombing) जारी रखी है। उधर, ईरान दौरे पर गए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने तेहरान में करीब 40 अरब डॉलर का सौदा किया है। इस दौरान उन्होंने ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई से भी मुलाकात की। खामनेई ने नाटो देशों को खतरनाक जीव करार दिया।

रूस-ईरान में हुई डील के तहत तेल व गैस क्षेत्र के विकास की बात कही गई। जबकि अमेरिका ने इस डील में ड्रोन खरीदी को प्रमुख समझौता बताया है। पुतिन-खामनेई मुलाकात में ईरानी सर्वोच्च नेता ने कहा, पश्चिमी देश एक मजबूत और स्वतंत्र रूस का विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने पुतिन से कहा, युद्ध एक हिंसक और कठिन मुद्दा है लेकिन जहां तक बाद यूक्रेन की है तो आपने इसकी पहल नहीं की बल्कि दूसरे पक्ष ने की जिससे युद्ध शुरू हुआ। उन्होंने कहा, यदि नाटो को यूक्रेन में नहीं रोका गया तो वह यही युद्ध शुरू करेगा और क्रीमिया को इसका बहाना बनाएगा। उधर, पुतिन के हवाले से ईरानी मीडिया ने कहा कि यूक्रेन में आम लोगों की मौत एक बड़ी त्रासदी है। लेकिन पश्चिमी देश इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं।


यूक्रेन में जनमत संग्रह करा बड़ा हिस्सा कब्जाने की तैयारी : अमेरिका
अमेरिकी खुफिया विभाग ने दावा किया है कि यूक्रेन के कुछ हिस्सों पर रूस कब्जा जमाने की योजना बना रहा है। उसने कहा, क्रीमिया पर कब्जे की तरह रूस यहां भी अधिग्रहण की रणनीति बनाते हुए जनमत संग्रह की योजना बना रहा है। पेंटागन के जॉन किर्बी ने अमेरिकी खुफिया विभाग के हवाले से कहा, रूस अपने कब्जाए यूक्रेनी क्षेत्रों में अवैध रूसी समर्थकों के साथ फर्जी जनमत सर्वेक्षण का दिखावा करने जा रहा है।

लड़ाई का समाधान निकालें वरना विश्व अर्थव्यवस्था बिगड़ेगी : यूएन में भारत
भारत ने आगाह किया है कि अगर यूक्रेन संघर्ष के मद्देनजर वार्ता व कूटनीति को नहीं अपनाया गया तो विश्व अर्थव्यवस्था पर इसके गंभीर नतीजे सामने आएंगे। इसके चलते खाद्य सुरक्षा और भुखमरी मिटाने की कोशिशें भी बेपटरी हो जाएंगी। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में प्रथम सचिव स्नेहा दुबे ने कहा, ऊर्जा एवं जरूरी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के साथ ही वैश्विक रसद आपूर्ति शृंखलाओं में व्यवधान पैदा हुआ है।

रूसी बैंकों से प्रतिबंध हटाएगा ईयू
यूरोपीय संघ (ईयू) रूस पर लगाए अपने प्रतिबंधों में ढील देने पर विचार कर रहा है। बहुत जल्द रूस के ऐसे बैंकों से प्रतिबंध हटाया जा सकता है, जो कृषि, खाद्य और उर्वरक के व्यापार से जुड़े हैं। ईयू के एक राजनयिक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सदस्य देश चाहते हैं कि प्रतिबंधों में ऐसा कुछ भी नहीं हो जो रूस या यूक्रेन से अनाज के गति को धीमा करे। इसके तहत कुछ ब्लैकलिस्ट हुए रूसी बैंकों को राहत मिल सकती है।

पुतिन बोले- खाद्य आपूर्ति के लिए पाबंदी हटाए पश्चिम
पश्चिमी देशों पर अनाज निर्यात को लेकर जानबूझकर ‘उन्माद’ पैदा करने का आरोप लगाने वाले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस दुनिया को ऊर्जा, कृषि उत्पाद तथा उर्वरक उपलब्ध कराने के अपने दायित्वों का पालन करने के लिए तैयार है। लेकिन इसके लिए मॉस्को से अनाज के निर्यात पर लगे प्रतिबंध हटा दिए जाना चाहिए क्योंकि अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ एक समझौता हुआ था और किसी ने भी इस पर आपत्ति नहीं की थी।

अमेरिका यूक्रेन को देगा रॉकेट सिस्टम
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संयुक्त राज्य अमेरिका ने यूक्रेन को और अधिक सटीक रॉकेट सिस्टम भेजने का वादा किया है। वहीं रूस ने संकेत दिए है कि वह डोनबास के पूर्वी औद्योगिक क्षेत्र से परे अधिक यूक्रेनी क्षेत्र को जब्त करने का लक्ष्य बना रहा है।

यूरोपीय संघ के 27 राजदूतों द्वारा सोने के आयात पर प्रतिबंध लगाने और कुछ उच्च-प्रौद्योगिकी वाले सामानों पर निर्यात नियंत्रण को कड़ा करने के उपायों के समर्थन के बाद यूरोपीय संघ रूस पर अधिक प्रतिबंध लगा सकता है।

Share:

Next Post

चीनी कूटनीति का शिकार बना श्रीलंका, सबक लें दूसरे देश

Thu Jul 21 , 2022
वॉशिंगटन । चीनी की कूटनीति का श्रीलंका (Sri Lanka of Chinese diplomacy) कैसे शिकार हुआ पूरी दुनिया ने देखा। अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए (CIA) के प्रमुख बिल बर्न्स (bill burns) ने श्रीलंका (Sri Lanka ) की मौजूदा आर्थिक दुर्दशा के लिए कर्ज जाल में फंसाने की चीनी कूटनीति को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा है […]