इंदौर न्यूज़ (Indore News)

चुनाव के लिए 450 बसें और 180 चार पहिया होंगे अधिग्रहित

  • परिवहन विभाग आज से जारी करेगा अधिग्रहण आदेश, 3 को अधिग्रहित होंगे चार पहिया और 4 को बसें, 6 जुलाई की रात को छोड़ी जाएंगी

इंदौर। 6 जुलाई को इंदौर में होने वाले निगम चुनाव को लेकर एक बार फिर वाहनों का अधिग्रहण किया जाएगा। इस बार ना सिर्फ बसें, बल्कि छोटे चार पहिया वाहनों को भी अधिग्रहित किया जाएगा। परिवहन विभाग आज से ही इन्हें अधिग्रहित करने के लिए आदेश जारी कर रहा है। इनमें 450 बसें और 180 चार पहिया वाहन शामिल हैं। इसके कारण एक बार फिर स्कूली बच्चों से लेकर यात्रियों तक को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

जिला प्रशासन के आदेश पर आज से ही परिवहन विभाग वाहनों को अधिग्रहण के लिए नोटिस जारी कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि 180 टाटा मैजिक सहित अन्य चार पहिया वाहनों को 3 जुलाई को अधिग्रहित कर लिया जाएगा, वहीं बसों को 4 जुलाई को लिया जाएगा। ये सभी वाहन 6 जुलाई की रात तक छोड़े जाएंगे। इससे पहले पंचायत चुनाव के समय भी इंदौर में 23 से 25 जून के बीच 427 बसों को अधिग्रहित किया गया था। ज्यादातर बसें स्कूलों की होने के कारण कई स्कूलों ने पालकों को कहा था कि वे तीन दिन बच्चों के आने-जाने की व्यवस्था खुद करें। कई स्कूलों ने इस दौरान ऑनलाइन क्लास तक चलाई थी। अब एक बार फिर वही स्थिति बनने जा रही है।


शहरी लोक परिवहन भी होगा प्रभावित
इस बार 450 स्कूल बसों के साथ ही 180 चार पहिया वाहनों की भी मांग जिला प्रशासन द्वारा की गई है। 180 चार पहिया की पूर्ति शहर में चलने वाली टाटा मैजिक जैसे वाहनों से की जाएगी। इसके कारण शहर का लोक परिवहन भी प्रभावित होगा।

सुबह के बजाए शाम को लें वाहन
सोमवार को स्कूल बसों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा बैठक ली गई थी। इस बैठक में स्कूल संचालकों द्वारा पहले तो बसों के अधिग्रहण पर व्यवस्था बिगडऩे की बात कही। बाद में कहा कि अगर बसों की जरूरत है भी तो सुबह के बजाए शाम को ली जाए, ताकि उस दिन तो बच्चों को परेशानी ना आए। इस पर अधिकारियों ने कहा था कि आप 4 जुलाई को अपनी सुविधा के अनुसार बसें भेज दीजिएगा। यही स्थिति प्रमुख मार्गों पर चलने वाली यात्री बसों की भी है।

एआईसीटीएसएल की बसें क्यों नहीं लेते
निजी बस संचालकों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों से और रूट्स से यात्री बसें अधिग्रहित की जाती है, जबकि जिला प्रशासन के नेतृत्व में चलने वाले एआईसीटीएसएल के पास 600 से ज्यादा बसें हैं, लेकिन बसों में कमाई के नुकसान से बचने के लिए उन बसों को अधिग्रहित नहीं किया जाता है। प्रशासन उन बसों को अधिग्रहित करे तो कम से कम बच्चों को परेशानी ना हो।

Share:

Next Post

पाक में चुनावी पोस्टरों पर मूसेवाला की तस्वीर!

Fri Jul 1 , 2022
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के मुल्तान क्षेत्र में 217 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के प्रचार में पंजाब के लोकप्रिय गायक सिद्धू मूसेवाला की तस्वीरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इमरान खान की पार्टी पीटीआई के एक पोस्टर पर सिद्धू मूसेवाला की तस्वीर नजर आई है। इस सीट पर पीटीआई के उम्मीदवार जैन कुरैशी चुनाव लड़ […]