इंदौर न्यूज़ (Indore News)

मध्यप्रदेश में दो साल में 60% पर्यटक बढ़े, रिपोर्ट में खुलासा

प्रदेश के वाइल्ड लाइफ और धार्मिक पर्यटन ने मध्यप्रदेश की बनाई अलग पहचान

इन्दौर। देश के हृदय प्रदेश कहे जाने वाले मध्यप्रदेश (MP) ने दुनियाभर के पर्यटन नक्शे पर अब अपनी एक नई पहचान बनाई है। पिछले कुछ सालों की तुलना में वर्ष 2022 में मध्यप्रदेश आने वाले पर्यटकों (tourists visiting madhya pradesh) की संख्या में इजाफा हुआ है। पर्यटन मंत्रालय की जारी रिपोर्ट के आंकड़े बता रहे हैं कि पिछले दो साल में प्रदेश में आने वाले पर्यटक करीब 60 फीसदी बढ़ी है।


साल 2022 में प्रदेश में देश-विदेश के 3 करोड़ 40 लाख से ज्यादा पर्यटक आए हैं, जो 2021 की तुलना में 33 फीसदी से ज्यादा है। 2021 में 2 करोड़ 55 लाख से ज्यादा पर्यटकों ने मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को देखा था। 2020 में ये आंकड़ा 2 करोड़ 14 लाख से ज्यादा था। 2020 की अपेक्षा 2022 में 1 करोड़ 27 लाख 38 हजार 064 पर्यटक बढ़े, जो करीब 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। अधिकारियों के अनुसार, मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में पिछले सालों की तुलना में देखी गई ये बढ़ोतरी प्रदेश के धार्मिक और वाइल्ड लाइफ पर्यटन के कारण है, जो पिछले कुछ साल में देश-दुनिया के पर्यटन के नक्शे पर तेजी से उभरकर आया है। प्रदेश के हेरिटेज भी इसका एक बड़ा कारण है। प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग प्रदेश के हेरिटेज के साथ ही नए पर्यटन स्थलों को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयास कर रहा है, ताकि आने वाले समय में प्रदेश के पर्यटन में और बढ़ोतरी हो सके।

वष     पर्यटक  वृद्धि   वृद्धि (प्रतिशत)

2022       34138757             8543089                33.4

2021       25595668             4194975                19.6

2020       21400693

(2020 की अपेक्षा 2022 में 12738064 पर्यटक बढ़े, जो करीब 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी है)

‘देश-विदेश के हर फोरम पर प्रदेश की पहचान लेकर जाने का फायदा इस साल भी प्रदेश के पर्यटन में देखने को मिलेगा। इस साल कुछ नए पर्यटन स्थलों पर बोर्ड कई तरह की एक्टिविटी की योजना तैयार कर रहा है। प्रदेश के धार्मिक और वाइल्ड लाइफ पर्यटन में और इजाफा होने की संभावना है। प्रदेश में बेहतर होती एयर कनेक्टिविटी भी प्रदेश के पर्यटन को फायदा पहुंचा रही है।’

– विवेक श्रोत्रिय, अपर प्रबंध संचालक, मप्र पर्यटन बोर्ड

देश-विदेश में रोड शो किए आयोजित

पर्यटन विभाग ने पिछले साल देश-विदेश में कई रोड शो आयोजित किए और हर फोरम पर प्रदेश की खासियत को लेकर पहुंचे, साथ ही राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई बड़े ट्रेवल शो में मध्यप्रदेश को लोगों तक पहुंचाया। पिछले एक साल की बात करें, तो 10 से ज्यादा देश-विदेश के बड़े शो में मध्यप्रदेश ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इतना ही नहीं, विभाग ने प्रदेश को दुनिया के हर कोने में पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा भी लिया, जिसका फायदा भी विभाग को मिला।

2023 में और बढ़ेगा आंकड़ा

प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर होने वाले फेस्टिवल, एडवेंचर एक्टिविटीज और ग्रामीण पर्यटन ने प्रदेश को एक अलग पहचान देते हुए प्रदेश में पर्यटकों का आंकड़ा बढ़ाया। यदि आंकड़ों की बात करें, तो 2023 में इसमें और इजाफा हो सकता है। साल की शुरूआत में ही प्रदेश ने प्रवासी भारतीय सम्मेलन, ग्लोबल समिट और जी-20 जैसे बड़े आयोजन को होस्ट किया है और देश में कोरोना के कारण लगे तमाम प्रतिबंध भी भारत सरकार पूरी तरह से हटा चुकी है। ऐसे में अब यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या इस साल और बढ़ेगी।

Share:

Next Post

ना रिचार्ज का झंझट, ना इंटरनेट की टेंशन, पूरी जिंदगी होगी फ्री में बात, बस करना होगा ये काम

Sun Mar 26 , 2023
नई दिल्ली: आज के समय में ज्यादातर काम फोन के जरिए ही होते हैं. फोन एक तरीके से सभी की जिंदगी का हिस्सा बन गया है. ऐसे में आपको जरूरत होती है कि आपके फोन में हमेशा रिचार्ज रहे और आपका काम कभी न रूके. अगर हम बात करें रिचार्ज प्लान्स की तो कई लोग […]