देश

चेन्नई में रखा है 740 टन अमोनियम नाइट्रेट, सतर्क हुए अधिकारी

चेन्नई। लेबनान की राजधानी बेरूत में जिस अमोनिया नाइट्रेट के कारण भीषण धमाका हुआ था, वही खतरनाक रसायन भारत के चेन्नई में भारी मात्रा में मौजूद है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चेन्नई सीपोर्ट कस्टम में वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि यहां मनाली में करीब 740 टन अमोनियम नाइट्रेट एक कंटेनर फ्रेट स्टेशन में रखा है। जानकारी के अनुसार अमोनियम नाइट्रेट की इस खेप को साल 2015 में सलेम की एक कंपनी से जब्त किया था, जिसने इसका आयात किया था।
बता दें कि चार अगस्त की शाम को लेबनान की राजधानी बेरूत में ऐसा विस्फोट हुआ जिसने पूरे शहर को खंडहर में तब्दील कर दिया। बेरूत के बंदरगाह पर हुए धमाके ने पूरे शहर को मलबे में तब्दील कर दिया है। यह धमाका बंदरगाह पर स्थित एक गोदाम में आग लगने की वजह से हुआ जहां साल 2013 से करीब 2750 टन अमोनियम नाइट्रेट असुरक्षित तरीके से रखा था। इस धमाके में 150 से ज्यादा लोगों की जान गई है वहीं हजारों लोग घायल हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वरिष्ठ सीमा शुल्क अधिकारियों ने कहा कि ये सीएफएस एक सहायक सीमा शुल्क आयुक्त के प्रशासनिक नियंत्रण में हैं। इनका भंडारण सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान में रखते हुए किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि वह जल्द ही इसे नष्ट करने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके आयातक ने गलत जानकारी दी थी कि यह उर्वरक ग्रेड का है लेकिन यह विस्फोटक ग्रेड का था। इसीलिए इसे जब्त किया गया था।
दूसरी ओर तमिलनाडु पुलिस ने इस संबंध में एक अलर्ट भी जारी किया है। इसमें कहा गया है कि यह अमोनियम नाइट्रेट रसायन 37 कंटेनर में रखा गया है। इसके साथ ही खुफिया अधिकारियों को इस संबंध में तत्काल फैसले लेने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही सीमा शुल्क बोर्ड ने एन्नोर,तूतीकोरिन और कराईकाल समेत देश के सभी बंदरगाहों और गोदामों को 48 घंटे के अंदर अगर उनके पास विस्फोटकों का भंडार है तो उसकी जानकारी देने के लिए कहा है।
अमोनियम नाइट्रेट एक गंधहीन रसायनिक पदार्थ है जिसका उपयोग कई कामों में होता है। सामान्यत इसे दो कार्यों में सर्वाधिक उपयोग किया जाता है। पहला, खेती के लिए बनने वाले उर्वरक में और दूसरा निर्माण या खनन कार्यों में विस्फोटक के तौर पर।

Share:

Next Post

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सहित 5 खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव

Sat Aug 8 , 2020
नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह समेत 5 खिलाड़ियों को बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय खेल उत्कृष्टता केंद्र में राष्ट्रीय हॉकी शिविर में रिपोर्ट करने के बाद कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाया गया। ये खिलाड़ी घर पर ब्रेक के बाद टीम के साथ शिविर के लिए पहुंचे थे। बाद […]