
इंदौर। सालों से अटकी पड़ी जिला अस्पताल की बिल्डिंग का तल मंजिल बनकर तैयार हो गया है, जिसमें शुरू किए जाने वाले लेबर रूम, स्त्री रोग ओपीडी से लेकर सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई जैसी व्यवस्थाओं के लिए अब प्रशासन कोकिला बेन अस्पताल सहित निजी अस्पतालों का दौरा कर उसी तर्ज पर व्यवस्थाएं करेगा। जिला अस्पताल का दौरा करते हुए कल कलेक्टर इल्लैया राजा टी ने जिला अस्पताल को निजी अस्पतालों की तर्ज कर व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिये हैं।
निर्देश पर सीएमएचओ, जिला स्वास्थ्य अधिकारी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का दल गठित किया गया है, जो आज से सभी निजी अस्पतालों में जाकर उनकी व्यवस्थाओ की जांच कर प्लान तैयार करेगा। कलेक्टर ने इस टीम में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ को भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने अस्पताल का दौरा करते हुए, जहां अल्ट्रासाउंड मशीन कहां रखी जाएगी, एमआरआई रूम कहां होगा, एक्स-रे मशीनें किस तरह से व्यवस्थित की जाएंगी, की जांच की। कलेक्टर ने कहा कि निजी अस्पतालों की सुविधा जाकर देखें, फोटो खींचे और मुझे बताएं। हर दिन एक-एक विंग की प्लानिंग करते हुए निर्देश दिया है कि 26 जनवरी तक प्रथम मंजिल बनकर तैयार हो जाए। पीडब्ल्यूडी से पहुंचे अधिकारियों को चार दिन के अन्दर पूरे परिसर की बाऊंड्रीवाल बनाने का निर्देश दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved