17 जनवरी को गुरु गोबिंदसिंह महाराज का प्रकाश पर्व
खालसा कॉलेज में सजेंगे विशेष दीवान… अटूट लंगर भी छकाया जाएगा
इंदौर। 17 जनवरी को सिखों के गुरु गुरु गोबिंदसिंह महाराज का प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। इससे पहले आज सुबह शहर के करीब 30 गुरुद्वारों की प्रभातफेरियों का स्वागत ऐतिहासिक गुरुद्वारा इमली साहिबजी पर किया गया। कल प्रकाश पर्व के मौके पर विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा। खालसा कॉलेज में विशेष दीवान भी सजेंगे।
आज सुबह 6 बजे श्री गुरुसिंघ सभा इंदौर के तत्वावधान में इंदौर के करीब 30 गुरुद्वारों की प्रभातफेरियों और जत्थों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। सुबह अपने-अपने क्षेत्र से निकली प्रभातफेरियां शबद कीर्तन करते हुए इमली साहिब गुरुद्वारा पहुंचीं। इस मौके पर श्री गुरुसिंघ सभा इंदौर के अध्यक्ष मनजीतसिंह भाटिया, इंद्रजीतसिंह होरा, जगजीतसिंह टुटेजा, तेजेंद्रसिंह खनूजा, हरमीतसिंह भाटिया एवं सिख यूथ विंग के अध्यक्ष सतबीरसिंह टुटेजा उपस्थित रहे।
कल विशाल नगर कीर्तन निकलेगा
प्रकाश पर्व से पहले कल रविवार को दोपहर 12 बजे विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जिसमें शहर के सभी गुरुद्वारों के जत्थे (संगत) शामिल होंगे। नगर कीर्तन का स्वागत श्री गुरुसिंघ सभा इंदौर गुरुद्वारा तोपखाना साहिब में करेगा। नगर कीर्तन टावर चौराहा से निकलकर खातीवाला टैंक, सैफी नगर, कलेक्टर ऑफिस, मोती तबेला, इमली साहिब गुरुद्वारा, राजबाड़ा, कोठरी मार्केट होता हुआ गुरुद्वारा तोपखाना साहिब पहुंचेगा। नगर कीर्तन में सिख समाज के धार्मिक, शैक्षणिक, सामाजिक और गतका दल भी शामिल होंगे।
सजेंगे विशेष दीवान
श्री गुरुसिंघ सभा इंदौर के महासचिव जसबीरसिंह गांधी ने बताया कि प्रकाश पर्व को देखते हुए तीन दिवसीय गुरमत समागम भी होगा। 15 जनवरी को शाम और 16 जनवरी को सुबह विशेष दीवान गुरुद्वारा तोपखाना साहिब में सजेंगे। वहीं 16 जनवरी को शाम और 17 जनवरी को सुबह और शाम के विशेष दीवान राजमोहल्ला स्थित श्री गुरु तेगबहादुर स्टेडियम में सजाए जाएंगे। प्रकाश पर्व को देखते हुए कीर्तनकार भी इंदौर पधार रहे हैं। यहां इस दिन हजारों की संख्या में आने वाली संगत को देखते हुए अटूट लंगर छकाए जाने की व्यवस्था भी की जा रही है।