
इंदौर। इंदौर से नासिक और उदयपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बुरी खबर है। इंडिगो एयर लाइंस मार्च अंत से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इन दोनों ही शेरों के लिए उड़ानों का संचालन बंद करने जा रही है। कंपनी ने शेड्यूल में इन दोनों शहरों के लिए प्रस्ताव नहीं दिया है, साथ ही अपनी बुकिंग वेबसाइट से भी मार्च अंत से इन्हें हटा दिया है।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) द्वारा हाल ही में देश के सभी एयरपोर्ट पर 29 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल का प्रस्तावित शेड्यूल जारी किया है। शेड्यूल में इंदौर से नासिक और उदयपुर के बीच चलने वाली उड़ानें गायब है। यानी इंडिगो एयरलाइंस ने इन उड़ानों को जारी रखने के लिए कोई प्रस्ताव नहीं दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने 27 मार्च के बाद उदयपुर और 28 मार्च के बाद नासिक की उड़ानों को अपने सिस्टम से भी हटा दिया है। इससे साफ है कि ये उड़ानें बंद होने जा रही है। ऐसा होने से इंदौर से इन दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
शिर्डी फ्लाइट पहले ही बंद, अब नासिक भी बंद होने से श्रद्धालु होंगे परेशान
इंडिगो एयरलाइंस पहले इंदौर से शिर्डी के बीच भी सीधी उड़ान का संचालन करता था, लेकिन अक्टूबर अंत से लागू हुए विंटर शेड्यूल में कंपनी ने इसे बंद कर दिया था। इसके बाद से इंदौर से शिर्डी साईं बाबा के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालु नासिक होकर शिर्डी जा रहे थे। अब नासिक की भी सीधी उड़ान बंद होने के बाद श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा, वहीं राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थल उदयपुर की भी सीधी उड़ान बंद होने से पर्यटकों को काफी परेशानी होगी।
पहले भी कई शहरों से टूट चुका इंदौर का कनेक्शन
इंदौर का हवाई संपर्क पहले भी कई शहरों से टूट चुका है। इंडिगो एयरलाइंस ही इंदौर से जोधपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सूरत, राजकोट, वडोदरा, बिलासपुर, शिर्डी और गाजियाबाद के लिए उड़ानें शुरू करने के बाद बंद कर चुकी है, वहीं अन्य एयरलाइंस की उड़ानें भी अमृतसर, किशनगढ़, बेलगाम जैसे शहरों के लिए बंद हो चुकी है।
फाइनल शेड्यूल में बढ़ सकती हैं कुछ उड़ानें
अधिकारियों ने बताया कि अभी सिर्फ प्रस्तावित शेड्यूल जारी हुआ है और यह इंदौर के रात 10.30 से सुबह 6.30 बजे बंद रहने के समय अनुसार बना है। पूरा प्रयास है कि विंटर शेड्यूल के पहले रनवे का काम पूरा करते हुए एयरपोर्ट को दोबारा 24 घंटे खुला रखा जाएगा। इस पर इंदौर को फाइनल समर शेड्यूल में कुछ नई उड़ानें मिल सकती हैं, जिनमें कुछ नए शहर भी शामिल हो सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved