
मांग से अधिक है गैस की टंकियां… धड़ाधड़ बुकिंग से सर्वर हुए ठप
इंदौर. इंदौर (Indore) में कमर्शियल सिलेंडर (Commercial cylinder) की आपूर्ति (Supply) पूरी तरह से बंद कर दी गई है, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर (domestic gas cylinder) को लेकर भ्रामक स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण डीलरों (Dealers) के पास लंबी कतारें लग रही हैं। सुबह 5 बजे से ही लोग लाइन में लगे नजर आ रहे हैं। आज शहर का डीलर एसोसिएशन कलेक्टर से मिलकर 25 दिन की बुकिंग की मियाद हटाने की मांग करेगा। उनके अनुसार गैस की टंकियों की मात्रा मांग के अनुसार पर्याप्त हैं। उसके बावजूद भी उपभोक्ताओं की बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिसके चलते एजेंसियों के दफ्तरों में लंबी कतारें लगी हुई हैं।
25 दिन टंकी मिलने के घरेलू गैस सिलेंडर के बुकिंग नियमों में इस बदलाव ने उपभोक्ताओं के साथ-साथ गैस डीलरों की भी परेशानी बढ़ा दी है। पर्याप्त संख्या में गैस सिलेंडर होने के बावजूद भी वह डिलीवरी नहीं कर पा रहे हैं। सभी कंपनियों के सर्वर लगभग क्रेश हो चुके हैं और बुकिंग नहीं हो रही है। इससे घबराए उपभोक्ताओं ने सीधे गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगाना शुरू कर दी हैं। कल कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जब समस्याओं जानना चाही तो ऑल इंडिया एलपीजी गैस डीलर एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव गोपाल वर्मा ने बताया कि जिस तरह से पहले व्यवस्थाएं थीं, बुकिंग के बाद 2 दिन में डिलीवरी की जा रही थी, वही प्रक्रिया अपनानी चाहिए। जब पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं तो क्यों देर से डिलीवरी हो रही है। 25 से 30 दिन के लॉकिंग पीरियड के कारण अफरा-तफरी मच गई है। इसे रोका जाना बहुत जरूरी है। ज्ञात हो कि निर्देश जारी होने के बाद पिछले तीन दिनों से लगातार बुकिंग की जा रही है, लेकिन अचानक बड़े दबाव के कारण ऑनलाइन सिस्टम लगभग ठप हो गया है और किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर नहीं मिल रहा है। डीलरों का कहना है कि पिछले 3 सालों में हमने ऑफलाइन व्यापार किया ही नहीं। ऑनलाइन ही बुकिंग होती है और जब तक बुकिंग नहीं होगी, वह डिलीवरी नहीं कर सकते।
29 डीलरों ने की बैठक
कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाय रुकने से होटल, कैटरिंग उद्योग पर संकट गहरा गया है। कई जगह इंडक्शन चूल्हों और डीजल भट्टियों का इस्तेमाल शुरू किया जा चुका है, लेकिन घरेलू गैस टंकियां को लेकर एजेंसियों के दफ्तरों के बाहर विवाद की स्थितियां निर्मित हो रही हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए कल एलपीजी गैस सिलेंडर संगठन ने आपात बैठक बुलाई, जिसमें 29 डीलरों ने कलेक्टर के समक्ष बुकिंग सिस्टम ठीक किए जाने की मांग रखने पर सहमति दिखाइ। आज दोपहर कलेक्टर से मिलकर संगठन 25 से 30 दिन की बुकिंग प्रक्रिया खत्म करने की मांग रखेगा। सालभर में 12 टंकी की लिमिट तय की गई थी, जो अभी कई उपभोक्ताओं की खत्म नहीं हुई है। उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को भी टंकी नहीं मिल रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved