
नायता मुंडला, देवास नाका में बनेगा बस डिपो, 150 ई-बस इंदौर की सडक़ों पर उतरेंगी
इन्दौर। सिटी बस कंपनी (City Bus Company) के संचालक मंडल की बैठक में फैसला लिया गया है कि राजबाड़ा (Rajwada) के स्थान पर आसपास ही नया बस स्टॉप (Bus Stop) ढूंढा जाएगा। अब इंदौर (Indore) की सडक़ों पर 150 नई ई-बस उतारी जाएंगी। नायता मुंडला और देवास नाका पर बस का नया डिपो बनाया जाएगा।
तीन ऑपरेटर की अवधि बढ़ाई
संचालक मंडल की बैठक में तीन बस ऑपरेटर चार्टर्ड बस, रॉयल बस और राठी बस द्वारा इंटरसिटी चलाई जाने वाली बसों की अवधि को बढ़ा दिया गया है। इन सभी की बस की अवधि एक-एक वर्ष के लिए बढ़ाई गई है।
अब पूरे संभाग में करेंगे काम
अब सिटी बस कंपनी का कार्यक्षेत्र केवल इंदौर शहर तक सीमित न रहकर इंदौर संभाग के समस्त जिलों तक विस्तारित होगा। कंपनी का लक्ष्य संभाग में बस सेवाओं का व्यापक विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण करना है। बोर्ड बैठक में बताया गया कि इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा इंदौर के आसपास के प्रमुख शहरों जैसे उज्जैन, भोपाल, खरगोन, सेंधवा, खंडवा, बुरहानपुर, रतलाम, धार-मांडव एवं महेश्वर के लिए 26 सर्वसुविधायुक्त इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
अब इंदौर में चलेगी ई-साइकिल
बोर्ड द्वारा इंदौर शहर में 500 इलेक्ट्रिक साइकिलों के संचालन हेतु निविदा प्रक्रिया की स्वीकृति प्रदान की गई। यह परियोजना यात्रियों को सुविधाजनक लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ-साथ कंपनी को वित्तीय आय भी प्रदान करेगी। बोर्ड बैठक में पीएम ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत इंदौर शहर में सार्वजनिक उपयोग हेतु 64 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने के प्रस्ताव प्रेषित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved