img-fluid

इंदौर: लोड टेस्टिंग के बाद बायपास के दो फ्लायओवरों पर दौड़ेंगे वाहन

April 20, 2026

  • अर्जुन बड़ौद के साथ रालामंडल पर महीनेभर में शुरू हो जाएगा यातायात, नेशनल हाईवे बचे हुए कार्य पूरे करवाने में जुटा

इंदौर। बायपास की स्थिति इन दिनों अत्यंत ही बदहाल है और आए दिन यातायात जाम होता है। अभी शादियां शुरू होने के बाद तो बायपास के सभी गार्डनों-होटलों में होने वाले आयोजनों के चलते भी समस्या और बढ़ेगी। दूसरी तरफ नेशनल हाईवे का कहना है कि अभी अर्जुन बड़ौद और रालामंडल फ्लायओवर लगभग तैयार हैं और महीनेभर बाद इन पर यातायात दौड़ सकता है। लोड टेस्टिंग भी दोनों फ्लायओवरों पर जल्द शुरू होगी। अभी बचे हुए काम तेजी से निपटाए जा रहे हैं। अर्जुन बड़ौद फ्लायओवर का लोकार्पण मई अंत या जून में संभव है, तो एमआर-10 का जो त्रिस्तरीय फ्लायओवर बन रहा है उस पर भी अगले दो से तीन महीने में यातायात शुरू हो सकता है। रालामंडल फ्लायओवर पर यातायात तो शुरू किया था, मगर अधूरे कार्य के चलते फिर उसे बंद करना पड़ा।

नेशनल हाईवे का कहना है कि बचे हुए कार्य पूरे किए जा रहे हैं और लगभग 15 दिन बाद लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अभी अर्जुन बड़ौद के साथ रालामंडल फ्लायओवर पर भी यातायात अवरुद्ध रहता है। रालामंडल पर प्रयोग के रूप में अभी फरवरी में यातायात शुरू किया था मगर कई जगह गड्ढे होने और सरिए निकलने के साथ ट्रांजिट स्लैब नहीं डलने की जानकारी सामने आई। उसके बाद फिर से काम शुरू किया गया और संभवत: इसी हफ्ते के अंत तक लोड टेस्टिंग शुरू कर दी जाएगी। इसी तरह अर्जुन बड़ौद में लोग टेस्टिंग में अभी हालांकि 15 दिन का समय लगेगा। रालामंडल में जो समस्या आई, वह अन्य फ्लायओवरों में ना रहे उसके चलते भी नेशनल हाईवे द्वारा सभी परीक्षण किए जा रहे हैं।


  • इंदौर बायपास पर नेशनल हाईवे द्वारा चार फ्लायओवर अभी निर्मित किए जा रहे हैं, जिसमें सबसे ज्यादा यातायात जाम एमआर-10 जंक्शन पर लगता है, क्योंकि सबसे अधिक यातायात का दबाव यहीं पर रहता है। संकरे बोगदों के कारण समस्या और बढ़ जाती है। सिक्स लेन लेवल-2 फ्लायओवर जून-जुलाई तक शुरू होने की उम्मीद है, जिससे झलारिया, निपानिया की टाउनशिपों से लेकर अन्य प्रतिष्ठानों-स्कूलों, होटलों-गार्डनों के साथ शॉपिंग मॉल को भी बड़ी राहत मिलेगी। अर्जुन बड़ौद फ्लायओवर के चलते देवास की तरफ जाने वाले वाहनों को अधिकांश समय जाम में फंसे रहना पड़ता है और कई मौकों पर तो जहां भीषण जाम भी लगा और कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा। बायपास पर बनने वाले ये सभी फ्लायओवर लेटलतीफी का शिकार भी हुए, जिसमें अर्जुन बड़ौद, झलारिया, कनाडिय़ा, रालामंडल के फ्लायओवर शामिल हैं। पिछले दिनों मंत्री तुलसीराम सिलावट और कलेक्टर शिवम वर्मा ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों की लगातार बैठकें ली, जिसमें बचे हुए कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। हालांकि तय की गई समय सीमा में भी ये फ्लायओवर तैयार नहीं हो सके। मगर अब नेशनल हाईवे का दावा है कि अर्जुन बड़ौद और रालामंडल से अगले एक महीने में यातायात शुरू कर दिया जाएगा और उसके बार फिर एमआर-10 की बारी है।

    Share:

  • इंदौर में गाड़ी हटाने के विवाद में चाकू घोंपकर हत्या, साथी सहित पकड़ाया हत्यारा, 4 फरार

    Mon Apr 20 , 2026
    इंदौर। हीरानगर इलाके में इलेक्ट्रीशियन की हत्या के मामले में रात को पुलिस ने 6 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जिनमें मुख्य आरोपी सहित उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाकी चार आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि गाड़ी हटाने की बात को लेकर विवाद […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved