
इंदौर। हीरानगर इलाके में इलेक्ट्रीशियन की हत्या के मामले में रात को पुलिस ने 6 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जिनमें मुख्य आरोपी सहित उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाकी चार आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि गाड़ी हटाने की बात को लेकर विवाद हुआ था।
हीरानगर इलाके स्थित गौरीनगर जाम का बगीचा के पास 38 साल के सुरेंद्र पिता धरमदास साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि कल सुरेंद्र के साले कुलदीप की शादी की सालगिरह थी। सुरेंद्र खाना खाने के बाद दो बच्चों को लेकर पूजा करने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में गाड़ी हटाने की बात को लेकर उसका उसी इलाके में रहने वाले बदमाशों से विवाद हुआ था। इसके बाद बदमाशों ने सुरेंद्र पर हमला कर दिया था। घटना में सुरेंद्र की मौत हो गई थी। पुलिस ने रात को मामले में चाकू मारने वाले विवेक साहू और उसके साथी सुमित को गिरफ्तार कर लिया।
इन दो के अलावा पुलिस ने आशीष उर्फ लड्डू, प्रिंस साहू, आकाश और एक अन्य को भी आरोपी बनाया है। उनकी तलाश की जा रही है। आशीष पर बीते दिनों पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे सभी सुरेंद्र के आगे-आगे गाड़ी से चल रहे थे। पीछे सुरेंद्र था। उसने गाड़ी हटाने को कहा तो आरोपियों ने उससे विवाद करना शुरू कर दिया और उस पर बेरहमी से हमला कर दिया। पूरी घटना का सीटीवीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी सुरेंद्र पर हमला करते दिख रहे हैं और वह घायल अवस्था में भाग रहा है।
चौराहे पर प्रदर्शन की तैयारी
सुरेंद्र के परिजन का कहना है कि जिस प्रकार सुरेंद्र की इस तरह हत्या की गई है, इससे लगता है कि पुलिस का खौफ बदमाशों में नहीं है। इसी से खफा सुरेंद्र के परिजन, मोहल्लेवाले और रिश्तेदार आज आमवाला चौराहे पर प्रदर्शन करने की बात कह रहे हैं। खबर लिखे जाने तक सुरेंद्र का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम हो रहा था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved