
इंदौर। इंदौर (Indore) के विजय नगर थाना (Vijay Nagar Police Station) क्षेत्र में करीब 1 महीने पहले एक नवविवाहिता (Newlywed Woman) द्वारा मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या (Suicide) करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। विस्तृत मर्ग जांच, मृतिका के पास से मिले सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मृतिका के पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी ससुराल पक्ष खरगोन जिले के कसरावद का रहने वाला है, जो शादी के बाद से ही विवाहिता को कम दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से यातनाएं दे रहा था।
दहेज लोभियों की प्रताड़ना और एक हंसती-खेलती जिंदगी के दर्दनाक अंत का यह मामला विजय नगर के अंजनी नगर का है। यहाँ रहने वाली सीमा जैन ने गत 19 मई को अपने मायके में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। चूंकि मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा था, इसलिए विजय नगर थाना पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर मामले को बेहद बारीकी से जांच में लिया था।घटना के करीब 1 महीने बाद पुलिस की विस्तृत मर्ग जांच में कई पुख्ता और चौंकाने वाले साक्ष्य सामने आए हैं।
पुलिस को जांच के दौरान मृतिका सीमा के पास से एक बेहद भावुक शब्दों मे लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए अपने ससुराल वालों की गंभीर प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराया था। इसके बाद जब पुलिस ने मृतिका के मायके पक्ष और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए, तो पूरी कहानी साफ हो गई।बयानों और साक्ष्यों से यह पूरी तरह स्पष्ट हुआ कि सीमा जैन का विवाह खरगोन जिले के कसरावद में रहने वाले अमन जैन के साथ हुआ था। लेकिन शादी के बाद से ही उसका पति अमन जैन और सास सुनीता जैन कम दहेज लाने की बात को लेकर उसे लगातार ताने मारते थे और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। ससुराल पक्ष की इसी रोज-रोज की यातना से तंग आकर आखिरकार सीमा ने अपने मायके में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved