
इंदौर। इंदौर पुलिस की नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आजाद नगर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार किया गया आरोपी भाजपा के शिवाजी मंडल का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इससे पहले गिरफ्तार की गई महिला ड्रग तस्कर से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस थाना आजाद नगर क्षेत्र में हाल ही में एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई बड़ी कार्रवाई के दौरान एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया गया था। महिला से पूछताछ में पुलिस को नशे के कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भोपाल की भील कॉलोनी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी का ड्रग तस्करी से जुड़े नेटवर्क से संपर्क था और वह इस अवैध कारोबार में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भूमिका निभा रहा था।
पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि ड्रग्स के कारोबार के लिए आरोपी द्वारा पैसों का लेन-देन किया जाता था। इसी आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत उसे सह-आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पूर्व में गिरफ्तार महिला आरोपी से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जांच में उसकी आर्थिक संलिप्तता सामने आई है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में सामने आए अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved