
इंदौर। इंदौर (Indore) के राजबाड़ा (Rajwada) स्थित अटाला बाजार (Atala Bazaar) में नगर निगम (Municipal Council) के अतिक्रमण (Encroachment) हटाओ अभियान के दौरान विवाद खड़ा हो गया। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों, फुटपाथ विक्रेताओं और नगर निगम के रिमूवल दल के बीच तीखी बहस हुई, जो आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए सराफा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल इंदौर के राजबाड़ा के पास अटाला बाजार में नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। स्थानीय व्यापारियों और फुटपाथ विक्रेताओं ने निगम के रिमूवल दल पर कार्रवाई में मनमानी करने का आरोप लगाया। व्यापारियों का कहना है कि निगम की कथित “पीली गैंग” पहले पैसे लेती है और उसके बाद भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करती है।
वहीं कुछ व्यापारियों और फुटपाथ विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि रिमूवल दल के एक सुपरवाइजर ने कार्रवाई के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज करते हुए उनका सामान जब्त कर लिया। दूसरी ओर नगर निगम के कर्मचारियों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की कोशिश की। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष सराफा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved