
इंदौर। पिछले दिनों ट्रेन का यात्री संचालन होना था, जो ऐनवक्त पर टल गया। इसके चलते 24 जून तक मिली आयुक्त मेट्रो रेल (Metro Rail) सुरक्षा की अनुमति अवधि भी समाप्त हो गई और अब नए सिरे से मेट्रो कॉर्पोरेशन को आवेदन लगाना पड़ा। अभी ट्रायल रन (trial runs) के नाम पर फोकस 17 किलोमीटर के ट्रैक पर ट्रेन दौड़ाई जा रही है। भारी-भरकम बिजली (Electricity) का बिल भी चुकाना पड़ रहा है, जबकि कई मर्तबा सफलतापूर्वक ट्रायल रन हो चुका है। अभी शनिवार को कॉर्पोरेशन केचेयरमैन जयदीप ने भी इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। दूसरी तरफ अंडरग्राउंड रूट को लेकर भी तैयारी चल रही है। एयरपोर्ट के रोड से टनल शुरू की गई है। दूसरी तरफ खजराना चौराहा से रेलवे स्टेशन तक बढ़ाए गए रूट के टेंडर भी जल्द जारी किए जाएंगे। फिलहाल अंडरग्राउंड रुट के कुछ स्टेशनों का काम भी रीगल चौराहा, शिवाजी मार्केट, बड़ा गणपति से लेकर एयरपोर्ट के बीच शुरू किया गया है।
अभी शनिवार को मप्र मेट्रो कॉपोर्रेशन के चेयरमैन जयदीप ने मालवीय नगर चौराहा मेट्रो स्टेशन से गांधीनगर मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन से यात्रा कर परियोजना की परिचालन व्यवस्था एवं विभिन्न तकनीकी पहलुओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने मार्ग में स्थित मेट्रो स्टेशनों का भी दौरा किया तथा स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं अन्य परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति, संचालन व्यवस्था तथा शेष कार्यों के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर चेयरमैन ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा कर निर्माण एवं परिचालन कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूर्णत: पालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं दूसरी तरफ सालभर पहले गांधी नगर स्टेशन से टीपीएस चौराहा तक साढ़े 5 किलोमीटर के प्रायोरिटी एलिवेटेड कॉरिडोर पर मेट्रो का यात्री संचालन शुरू किया, जिसमें यात्रियों का टोटा है और अभी दोपहर 3 बजे के बाद एक बार ही ट्रेन चलाई जाती है। दूसरी तरफ 20 जून को गांधी नगर से रेडिसन चौराहा के बीच यात्री संचालन के लोकार्पण की तैयारी पूरी कर ली गई थी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर को शामिल होना था। ऐनवक्त पर यह लोकार्पण भी टल गया। जानकारी सामने आई कि प्रधानमंत्री से लोकार्पण के प्रयास चल रहे हैं। लिहाजा अभी लोकार्पण नहीं किया जा रहा है। नतीजतन 21 जून से साढ़े 17 किलोमीटर के ट्रैक पर जो यात्री संचालन शुरू होना था, वह भी आगे बढ़ गया। फिलहाल अब तय नहीं है कि कब लोकार्पण और उसके बाद यात्री संचालन शुरू हो सकेगा। इसके चलते आयुक्त मेट्रो रेल सुरक्षा से जो एनओसी यात्री संचालन की प्राप्त हुई थी उसकी समय सीमा अभी 24 जून को समाप्त हो गई, जिसके चलते अब नए सिरे से आवेदन कर मंजूरी लेना पड़ेगी। हालांकि इस बार इसमें अधिक समय नहीं लगेगा,क्योंकि पहले से ही साढ़े 5 किलोमीटर तक यात्री संचालन जारी है और रेडिसन तक भी दिल्ली से आई टीम ने पूरी जांच-पड़ताल कर ली है। लिहाजा अब अगली अनुमति के लिए समय भी लगेगा। फिलहाल तो ट्रायल रन के नाम पर दिन में और रात में भी इंदौर मेट्रो फोकट दौड़ाई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved