
इंदौर। इंदौर के चंदन नगर इलाके में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि जिस हत्यारे की तलाश पुलिस बाहर कर रही थी, वह घर का ही सदस्य निकला। पुलिस ने मृतक के सगे भतीजे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नशे की लत और पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने ही ताऊ की चाकू मारकर हत्या कर दी।
दरअसल मामला चंदननगर थाना क्षेत्र के राजनगर इलाके में रहने वाले 50 वर्षीय कमल राजेश कुमावत की घर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और परिवार के सदस्यों से पूछताछ के दौरान शक मृतक के 19 वर्षीय भतीजे चेतन कुमावत पर गया। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ब्राउन शुगर के नशे का आदी है। उसने ताऊ से पैसे मांगे थे, लेकिन मना करने और पारिवारिक विवाद से नाराज होकर देर रात रसोई से चाकू उठाया और ताऊ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात के बाद उसने अलमारी में पैसे तलाशे, लेकिन रुपए नहीं मिले। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खून से दीवार पर निशान बनाए और घटनास्थल को लूट जैसा दिखाने की कोशिश की। इसके बाद खून से सने कपड़े फेंककर हाथ-पैर धोए और अपने कमरे में जाकर सो गया। सुबह सामान्य तरीके से शोर मचाकर लोगों को बुलाया, लेकिन पुलिस की जांच में पूरा सच सामने आ गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved