
बारिश का इंतजार, वर्षा होते ही एक लाख पौधे रोज लगाएंगे- विजयवर्गीय
इंदौर। एक पेड़ मां के नाम (Tree in Mother’s Name) अभियान के दौरान कल वन विभाग (Forest Department) की रमना पहाड़ी पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय (Minister Kailash Vijayvargiya) और उनकी टीम द्वारा 50 हजार पौधें रोपे गए। विशेष तरह के ये पौधे आंध्रप्रदेश से मंगाए गए हैं, जो 5 से 10 फीट के होने पर भी नई जगह उग जाते हैं।
बिजासन मंदिर के सामने वन विभाग की रमना टेकरी पर खाली जगह पर ये पौधे लगाए गए। इनमें ऐसे पेड़ हैं, जो जल्दी बड़े हो जाते हैं। शहर को चारों ओर से वन से आच्छादित करने के संकल्प करने के साथ-साथ आम लोगों ने भी इस अभियान में बढ़-चढक़र भाग लिया। इस मौके पर विजयवर्गीय ने कहा कि शहर के एक हजार बगीचों में 3 लाख 50 हजार पौधे लगाकर नगरवासियों के लिए ऑक्सीजन जोन बनाए जा रहे हैं। हमारे आज के प्रयास भविष्य के शहर को हरा-भरा बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने पौधारोपण का आह्वान किया और अहमदाबाद का उदाहरण दिया कि वहां पर एक घंटे में 3 लाख 50 हजार पौधे लगाकर लोगों ने वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया। इसलिए हमने निर्णय किया कि शहर में स्थित बगीचों के 25 प्रतिशत भाग में घना पौधारोपण करेंगे। हमारा लक्ष्य इस साल 21 लाख का है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि इससे ज्यादा पौधे हम लगाएंगे। वर्षा के नहीं होने की वजह से पौधारोपण अभियान पर असर पड़ा है। हम अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही वर्षा होगी हम रोजाना एक लाख पौधे लगाएंगे। अभी जो पौधे लगाए जा रहे हैं, वे आंध्रप्रदेश के राजमुंदरी से मंगवाए गए हैं। ये 10 फीट तक के होते हैं। इसके साथ ही शेष पौधे 5 फीट से ज्यादा ऊंचाई के रोपे जा रहे हैं। कार्यक्रम में नगर निगम, वन विभाग, बीएसएफ की टीम, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, जनकार्य समिति अध्यक्ष राजेंद्र राठौड़, एमआईसी मेंबर निरंजन सिंह चौहान, अश्विनी शुक्ला, अभिषेक शर्मा, अशोक चौहान चांदू के साथ-साथ भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में आम लोगों ने हिस्सा लेकर पौधारोपण किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved