
पहली बार 5 गायों पर हुआ हमला
इंदौर। सम्भवत: वन विभाग (Forest Department) इंदौर (Indore) की महू फॉरेस्ट रेंज (Mhow Forest Range) में यह पहली घटना है, जब किसी तेंदुए (leopard) ने लगातार 2 बार हमला कर न सिर्फ 2 गायों ( two cows) को गम्भीर रूप से घायल कर दिया, बल्कि 3 गायों को मार डाला।

मामला बडग़ोंदा नर्सरी से लगभग 5 किलोमीटर दूर बसी पीपरी पंचायत सीमा के अंतर्गत महू वन विभाग आड़ा पहाड़ वन चौकी के जंगल का है, जहां एक बार नहीं, बल्कि दो बार गोशाला पर हमला कर तेंदुए ने 3 गायों को मार डाला, जबकि 2 को घायल कर दिया।
पिछले सप्ताह हुई यह घटना तब उजागर हुई, जब मुआवजे की फाइल बनना शुरू हुई। इस घटना के बाद गोशाला के चारों तरफ तार फेंसिंग कर जाली लगवाकर सुरक्षा का इंतजाम कर दिया गया है। हिंदू संगठन से जुड़े मनोज अशोक पाटीदार ने बताया कि बसी पीपरी में खुली गोशाला गोवंश का वृद्धाश्रम है, क्योंकि यहां उन गायों को रखा जाता है, जो दूध देना बंद कर देती हैं या फिर जो वृद्ध या असहाय हो जाती हैं। ऐसी असहाय गायों पर तेंदुए ने हमला कर उनकी जान ले ली।
गो तस्करों से बचाने के लिए खोला है वृद्ध गो आश्रम
पाटीदार ने बताया कि ऐसी ही वृद्ध और असहाय बेसहारा गाय अकसर गो तस्करों के निशाने पर रहती हैं। गो तस्कर इन्हें चोरी-छुपे ले जाकर स्लाटर हाउस में बेच देते हैं। इसके बाद इन्हें काटकर गोमांस बेचकर व्यापार करते हैं। इसी वजह से उन्होंने गो वृद्धाश्रम बना रखा है, मगर ऐसी घटना पहली बार हुई है कि तेंदुए ने हमला कर गायों को मार डाला और घायल कर दिया।
मुआवजे की कार्रवाई शुरू कर दी है
इस मामले में वन विभाग के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने मंजूर किया तेंदुए ने गोशाला में 2 बार हमला कर 3 गायों को मार डाला। इसके बदले में मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved