बड़ी खबर

भारत बनाम इंडिया विवाद पर अनुराग ठाकुर ने लगाया विराम, बोले- ये महज अफवाह है

नई दिल्‍ली (New Delhi) । संसद (Parliament) के विशेष सत्र (special session) शुरू होने से पहले उसके एजेंडा को लेकर कयासबाजी जारी है। इस बीच देश के नाम को लेकर एक सियासी विवाद खड़ा हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) के द्वारा जी20 शिखर सम्मेलन (G20 summit) के डिनर के लिए भेजे गए निमंत्रण पत्र (Invitation letter) पर प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया (President of India) की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा हुआ है। इसके अलावा 20वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 18वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री की इंडोनेशिया यात्रा से संबंधिक एक सरकारी बुकलेट में नरेंद्र मोदी को “भारत के प्रधानमंत्री” के रूप में लिखा गया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने उसकी तस्वीर ट्वीट किया है।

इस सबके बीच केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने देश के नाम बदलने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि ये महज अफवाह है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि जो कोई भी भारत शब्द पर आपत्ति जताता है, वह स्पष्ट रूप से अपनी मानसिकता को दर्शाता है।” राष्ट्रपति के निमंत्रण पत्र पर उन्होंने कहा कि वह भारत के राष्ट्रपति हैं इसलिए उन्होंने प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिख दिया। इसमें क्या हुआ?”

अनुराग ठाकुर ने कहा, ”मैं भारत सरकार में मंत्री हूं। इसमें नया कुछ भी नहीं है। G20 2023 के ब्रांडिंग लोगो पर भारत और इंडिया दोनों लिखा होगा। तो फिर भारत नाम पर आपत्ति क्यों? भारत से किसी को आपत्ति क्यों है? इससे उनकी मानसिकता का पता चलता है कि वे दिल से इंडिया या भारत के खिलाफ हैं। विलायत में जाते हैं तो भारत की निंदा करते हैं। जब वे भारत में होते हैं तो उन्हें भारत के नाम पर आपत्ति होती है।”


भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
भाजपा नेताओं ने जी-20 रात्रिभोज के निमंत्रण में राष्ट्रपति को प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत के नाम से संबोधित किए जाने के कदम की सराहना की है। पार्टी के नेताओं ने मंगलवार को कहा कि देश के लिए हिंदी नाम का इस्तेमाल उसकी सभ्यता की यात्रा को बताता है। हमारी सभ्यता अमृत काल की ओर बढ़ रही है। केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं ने इस बारे में विपक्ष की आपत्तियों को भी खारिज कर दिया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, रिपब्लिक ऑफ भारत-खुशी और गर्व है कि हमारी सभ्यता अमृत काल की ओर मजबूती से बढ़ रही है। इसके करीब, डेढ़ घंटे बाद एक्स पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के एक पोस्ट का जवाब देते हुए सरमा ने कहा, अब मेरी आशंका सही साबित हो गई है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी की भारत के प्रति घोर नापसंदगी है। ऐसा प्रतीत होता है कि भारत को शिकस्त देने के लिए आई.एन.डी.आई. गठबंधन (इंडिया) नाम इरादतन चुना गया। कांग्रेस, इंडिया का हिस्सा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राष्ट्रपति के निमंत्रण को साझा करते हुए लिखा, द प्रेसिडेंट ऑफ भारत। जय हो भारत। भाजपा महासचिव तरुण चुग ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी उन्हें वंदे मातरम से दिक्कत होती है और कभी उन्हें राष्ट्रवाद से दिक्कत होती है।

VHP ने भी किया स्वागत
विश्व हिंदू परिषद ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जी20 रात्रिभोज निमंत्रण में भारत शब्द के इस्तेमाल की सराहना की। संगठन ने कहा, आइए इंडिया शब्द को भूल जाएं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने गत एक सितंबर को कहा था कि इंडिया के बजाय भारत शब्द का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से इसकी आदत डालने का आग्रह किया। भागवत ने कहा था कि भारत नाम प्राचीन समय से चला आ रहा है और इसे आगे भी जारी रखना चाहिए।

मालूम हो कि दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को भारत की अध्यक्षता के तहत जी20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सहित विश्वभर से कई राष्ट्राध्यक्ष इस कार्यक्रम में शरीक होने वाले हैं।

Share:

Next Post

कर्नाटक के मंत्री के बयान पर मचा बवाल, कहा- मुआवजे के लिए खुदकुशी कर रहे किसान

Wed Sep 6 , 2023
बेंगलुरु (Bangalore) । कर्नाटक (Karnataka) के मंत्री ने किसानों की खुदकुशी को लेकर बेहद असंवेदनशील बयान दिया है। कर्नाटक सरकार में गन्ना विकास मंत्री शिवानंद पाटिल (Minister Shivanand Patil) ने मंगलवार को कहा कि जब से सरकार ने मृतक किसानों (farmers) के परिवार को मिलने वाला मुआवजा बढ़ा दिया है तब से राज्य में खुदकुशी […]