जबलपुर न्यूज़ (Jabalpur News) भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मध्य प्रदेश में ओर तीखे होंगे ठंड के तेवर, तीन डिग्री नीचे गिरा तापमान

भोपाल। कुछ दिन पूर्व बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘निवार” का असर अभी भी बना हुआ है। उसके असर से प्रदेश में 16 से 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। तूफान के कारण मिल रही नमी से पूर्वी मप्र में बादल बने हुए हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बरसात भी हो रही है।

तूफान का असर कम होते ही हवा का रुख बदलकर उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गया है। उत्तर भारत के पहाड़ों में हाल ही में जबरदस्त बर्फबारी हुई है। इससे वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से आने वाली बर्फीली हवाओं ने एक बार फिर राजधानी सहित पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। अभी तीन-चार दिन तक मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी बने रहने की संभावना है। इस वजह से ठंड के तेवर काफी तीखे हो सकते हैं।

उधर एक बार फिर बंगाल की खाड़ी में तूफान उठने की हलचल शुरू हो गई है। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में गहरा कम दबाव का क्षेत्र मौजूद है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इसके धीरे-धीरे और शक्तिशाली होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के संकेत मिले हैं। यह तूफान तीन दिसम्बर के आसपास तमिलनाडु के तट से टकराएगा। उधर उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं के कारण शुक्रवार से प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। इससे ठंड के तेवर तीन-चार दिन में काफी तीखे होने की संभावना है।

फिर जोर पकड़ेगी ठंड

निवार तूफान का ज्यादा असर समुद्र तटीय राज्यों में ज्यादा देखने मिला है। वहीं मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक तूफानी बादल आ गए थे। उत्तरी हवाओं के चलने से बादलों की खेप दक्षिणी राज्यों की तरफ ही गमन कर गई। यही वजह है कि जिले का आसमान साफ हो गया और ठंड ज्यादा महसूस होने लगी। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले चौबीस घंटे के दौरान संभाग के अधिकांश हिस्से में मौसम साफ रहेगा और सुबह का न्यूनतम तापमान नीचे आ सकता है। खास तौर से मंडला, सिवनी, पेंच, डिंडौरी जैसे जिलों का तापमान नीचे आने की पूरी संभावना है। आने वाले दिसंबर माह के पहले हफ्ते में तापमान 10 डिग्री से नीचे बना रहेगा।

जबलपुर में तीन डिग्री गिरा तापमान

जबलपुर जिले के आसमान पर छाए निवार तूफान से छिटके बादल शनिवार को आगे निकल गए। सुबह से आसमान साफ हो चुका था और तापमान तीन डिग्री तक नीचे आ गया। रात से ही आसमान साफ होने की शुरूआत हो चुकी थी। इसके चलते सुबह होने तक ठंड ने जोर पकडऩा प्रारंभ कर दिया। एक दिन पहले सुबह का तापमान 15 डिग्री दर्ज हुआ था। जो शनिवार की सुबह 12 डिग्री तक नीचे आ गया। लोगों को दो दिन की अपेक्षा में ज्यादा ठंड महसूस हुई।(हि.स.)

Share:

Next Post

उज्जैनः चांदी की पालकी में सवार होकर "हरि" से मिलने पहुंचे "हर", सौंपा सृष्टि का भार

Sun Nov 29 , 2020
उज्जैन। कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी अर्थात् वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर धार्मिक नगरी उज्जैन में सिंधिया देवस्थान ट्रस्ट के प्रसिद्ध गोपाल जी मंदिर में परम्परा के अनुसार शनिवार देर रात हरि-हर हुआ। “हर” (भगवान महाकाल) चांदी की पालकी में सवार होकर गोपाल जी मंदिर पहुंचे, जहां “हरि” (भगवान विष्णु) को तुलसी की माला भेंटकर सृष्टि का […]