
इंदौर। मनोरमागंज क्षेत्र में देर रात एक कैफे में आग लगने के दौरान धमाके से गैस सिलेंडर फट गया, जिसके कारण आसपास के लोग जमा हो गए। कैफे पूरी तरह जल गया। सिंगापुर टाउनशिप में भी आग लगने की घटना हुई। मिली जानकारी के अनुसार कल रात 2 बजे के करीब गीता भवन मंदिर के पास मनोरमागंज क्षेत्र में स्थित निर्मल श्रीवास्तव के वॉक मोर कैफे में आग लग गई और देखते ही देखते कैफे पूरी तरह जल गया।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी सुशील दुबे ने बताया कि कैफे में दो कमर्शियल गैस सिलेंडर भी रखे थे। उनमें से एक धमाके के साथ फट गया। बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज सुन पास की बस्ती के लोग भी वहां पहुंच गए थे। कुछ लोगों ने वहां इस बात को लेकर हंगामा मचाया कि क्षेत्र में कई दुकानें अवैध रूप से लग गई हैं, जिसके कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आग कैसे लगी इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। इसी प्रकार सिंगापुर टाउनशिप के पास एक खेत में आग लग गई। इसके कारण बड़ी मात्रा में गेहूं-भूसा जल गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved