बड़ी खबर

दिल्ली में 17 साल का सबसे सर्द दिन, 6.5 डिग्री पहुंचा पारा, जानिए देशभर के मौसम का हाल

नई दिल्‍ली । पहाड़ों पर जारी बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में दिखाई दे रहा है। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह साढ़े छह डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह 17 साल में सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा। दिल्ली में बीते दिनों बारिश हुई थी। इससे तापमान में गिरावट आई और इससे भी अच्छी बात यह रही कि प्रदूषण से भी छुटकारा मिला। हालांकि आने वाले दिनों में मुश्किल बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मजा नहीं बल्कि सजा देने वाली सर्दी पड़ेगी और प्रदूषण का स्तर भी बढ़ेगा।

स्कायमेट के अनुसार, उत्तर भारत के कई मैदानी शहरों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम चल रहा है। रविवार को देश के मैदानी भागों में सबसे ठंडा शहर रहा पंजाब का अमृतसर, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के भी अन्य कई शहरों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। आगामी 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद के भागों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय भागों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

स्कायमैट के अनुसार, अरब सागर पर बना डिप्रेशन तेजी से चक्रवाती तूफान में बदल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 2020 के बाद बनने वाला यह पहला तूफान है, जिसका नाम ‘गति’ है। यह सिस्टम भारत के तटों से दूर चला गया है। तूफान गति 23 नवंबर को भीषण चक्रवाती तूफान की क्षमता में पहुंच जाएगा और सोमालिया के रस हाफ़ून में लैंडफॉल कर सकता है। जिस समय यह तूफान लैंडफॉल करेगा, उस समय इसके आसपास हवाओं की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा या उससे भी अधिक होगी।

इस बीच बंगाल की खाड़ी पर एक गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। यह अगले 24 घंटों में चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसे ‘निवार’ नाम दिया जाएगा। वर्तमान स्थितियों को देखते हुए अनुमान है कि यह 25 नवंबर के आसपास पुद्दुचेरी और कराईकल के बीच से लैंडफॉल करेगा। तमिलनाडु के तटीय शहरों में पंबन से लेकर चेन्नई के बीच 24 और 25 नवंबर को भीषण बारिश के साथ तूफानी हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान तटीय शहरों में कई जगहों पर बाढ़ की आशंका है और भारी बारिश के साथ तूफानी हवाएं तबाही मचा सकती हैं।

Share:

Next Post

PM मोदी मंगलवार को करेंगे सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक, बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने पर होगा मंथन

Mon Nov 23 , 2020
नई दिल्‍ली । देश में कोरोना के लगातार बढ़ते मरीजों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी मुख्यमंत्रियों की अहम बैठक बुलाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बैठक मंगलवार को सुबह 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। इस बैठक में कोरोना महामारी रोकने की आगे की रणनीति के साथ ही वैक्सीन आने […]