
इन्दौर। मुराई मोहल्ला क्षेत्र में नगर निगम की रिमूवल टीम ने आज सुबह-सुबह खतरनाक मकानों को ढहाने की कार्रवाई शुरू की। कुछ मकानों के हिस्से हवा में झूल रहे थे और उनके आसपास के मकानों पर गिरने का खतरा था। जेसीबी की मदद से कुछ मिनटों में ही मकानों को ढहा दिया गया।
नगर निगम द्वारा शहर के खतरनाक मकानों को ढहाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। अलग-अलग झोनों के अंतर्गत आने वाले ऐसे मकान मालिकों को नोटिस भी दिए जा रहे हैं और साथ ही मकानों पर भी नोटिस चस्पा हो रहे हैं। अब तक निगम ने करीब एक दर्जन से ज्यादा मकान शहर के विभिन्न इलाकों में ढहाए हैं और आज सुबह फिर मुराई मोहलला में तीन खतरनाक मकानों को ढहाने के लिए निगम की टीम पहुंची।
भवन अधिकारी अंकेश बिरथरिया और सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे के साथ रिमूवल अमले ने वहां पुलिस बल साथ लेकर कार्रवाई शुरू करवा दी। अधिकारियों के मुताबिक वहां कौशल और अग्रवाल परिवार के साथ-साथ एक अन्य का मकान है, जो जर्जर हालत में थे। इनमें से एक मकान का हिस्सा अन्य मकानों पर गिरने की आशंका थी। क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर विवाद की स्थिति न बने, इसलिए निगम की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची और कुछ ही मिनटों में खतरनाक मकानों को ढहा दिया। कार्रवाई से पहले निगम की टीम ने जर्जर मकानों की स्थिति का जायजा लिया, ताकि अंदर कोई व्यक्ति न हो।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved